‘ठुकराए हुए प्रेमी की तरह बर्ताव कर रही है AAP, मूव ऑन नहीं कर पा रही’, राघव चड्ढा ने ली चुटकी
भारतीय जनता पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी और उसके हाईकमान पर तंज कसा है. सोशल मीडिया साइट एक्स पर उन्होंने लिखा कि आप, पूर्व प्रेमी की तरह बर्ताव कर रही है. उन्होंने लिखा कि आज सुबह भारत के राष्ट्रपति से मिलकर मुझे और मेरे तीन साथी सांसदों को बहुत गर्व महसूस हुआ.
बीजेपी नेता ने लिखा कि हमने उन्हें बताया कि कैसे AAP की पंजाब सरकार, राज्य की मशीनरी का दुरुपयोग करके हमें निशाना बना रही है-सिर्फ इसलिए क्योंकि हमने अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए BJP में शामिल होने का फैसला किया. जिस पार्टी ने कभी ‘बदले की राजनीति’ का रोना रोया था, आज वही पार्टी खुद बदले की राजनीति का सबसे ज़हरीला रूप अपना रही है.
उन्होंने लिखा कि राष्ट्रपति के इस आश्वासन से हमें बल मिला है कि संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक विकल्पों का सम्मान किया जाना चाहिए.
सांसद ने लिखा कि आज AAP एक राजनीतिक दल की तरह कम, और एक जुनूनी, ठुकराए हुए ‘पूर्व प्रेमी’ की तरह ज्यादा व्यवहार कर रही है-जो बदले की भावना रखता है अतीत को भुलाकर आगे नहीं बढ़ पा रहा है.
धमकाने के लिए कुछ एजेंसियों को काम पर लगाया- राघव
इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद, राज्यसभा सांसद और BJP नेता राघव चड्ढा ने कहा, आज हमने राष्ट्रपति को बताया कि पंजाब सरकार किस तरह उन सांसदों के ख़िलाफ़ खतरनाक बदले की राजनीति के लिए सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर रही है, जिन्होंने AAP छोड़कर BJP में शामिल होने का फ़ैसला किया. AAP कार्यकर्ताओं ने पंजाब पुलिस की मदद से वर्ल्ड कप विजेता हरभजन सिंह के घर के बाहर ‘देशद्रोही’ लिख दिया. इसके बाद, पंजाब में पद्म श्री राजेंद्र गुप्ता की फ़ैक्ट्री का पानी का कनेक्शन काट दिया गया.
उन्होंने कहा कि AAP ने संदीप पाठक के ख़िलाफ़ भी दुर्भावनापूर्ण और मनगढ़ंत FIR दर्ज करवाईं, और मीडिया के ज़रिए यह बात फैलाई गई कि उन्हें गिरफ़्तार किया जाएगा. मैं AAP को बताना चाहता हूँ कि उन्होंने विजिलेंस बोर्ड और प्रदूषण बोर्ड की मदद से बदले का एक खतरनाक खेल शुरू किया है, लेकिन इसका अंजाम बहुत बुरा होगा. सूत्रों के मुताबिक, अगला निशाना मैं होऊँगा.
चड्ढा ने कहा था कि पंजाब सरकार ने सोशल मीडिया पर हमें धमकाने के लिए कुछ एजेंसियों को काम पर लगाया है. AAP यह सब पंजाब सरकार के फंड का इस्तेमाल करके कर रही है. यही वजह है कि मैंने कहा था कि AAP भ्रष्ट और समझौता करने वाले लोगों के हाथों में फंसी हुई है.
