‘अहंकार से होगा कौरवों जैसा हाल…’, AIMIM नेता ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को बताया दुर्योधन

‘अहंकार से होगा कौरवों जैसा हाल…’, AIMIM नेता ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को बताया दुर्योधन

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक दलों में बयानबाजी अब काफी तेज हो चुकी है. इसी कड़ी में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रवक्ता शादाब चौहान ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए अहंकारी बताया और  उनकी तुलना महाभारत के कौरवों से कर दी.

AIMIM नेता शादाब चौहान ने हाल ही में  प्रदेश में गठबंधन के लिए AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने अपनी तरफ से पेशकश के बाद गंभीरता न दिखाने पर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लंबा-चौड़ा पोस्ट किया है.

शादाब चौहान का पोस्ट

शादाब चौहान ने एक्स पर लिखा, “महाभारत में पांडवों ने कौरवों से 5 गाँव माँगा था लेकिन दुर्योधन ने अंधी महत्वाकांक्षा और अहंकार के कारण मना कर दिया उसके बाद 18 दिन कुरुक्षेत्र में युद्ध हुआ और 5 पांडव विजय हुए व 100 कौरव हारकर बर्बाद हो गए जिनकी बर्बादी का बड़ा कारण दुर्योधन का अहंकार था.  उसी प्रकार आज हम अपने आबदी के अनुपात में ससम्मान अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी माँग रहे हैं तो अखिलेश यादव जी अहंकार में नकार रहे हैं और आज के दुर्योधन का किरदार निभा रहे हैं तो याद रखिए वही हाल आपका होगा क्योंकि आपमें अकेले भाजपा को हराने की हिम्मत नहीं है.”

ओवैसी ने अपनी तरफ से की थी पेशकश

शादाब चौहान ने आगे लिखा, “हमारे नेता संविधान रक्षक ओवैसी साहब ने इसीलिये बड़ा दिल दिखाते हुए कहा कि सेकुलर वोटों का बंटवारा रोकते हुए भाजपा को हराने के लिए हमारे दरवाज़े खुले हैं लेकिन अब बराबरी की बात होगी हिस्सेदारी की बात होगी. 34 साल आप पर विश्वास किया लेकिन ना हमारे क्षेत्रों में विकास हुआ, ना शैक्षिक संस्थान खुले,ना सम्मान व सुरक्षा मिली, ना स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ,ना आरक्षण मिला और ना ही 20% आबादी के साथ न्याय हुआ.”

फिलहाल शादाब चौहान की पोस्ट पर अभी समाजवादी पार्टी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. जबकि पिछले दिनों AIMIM प्रमुख असीउद्दीन ओवैसी यूपी के दौरे पर थे, जिसमें उन्होंने यूपी चुनाव में गठबंधन के लिए पेशकश की थी.

Leave a Reply