अर्जुन तेंदुलकर ने वानखेड़े में मचाया तहलका, 25 गेंदों में ठोक दिया अर्धशतक, गेंद से भी बरपाया कहर
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 8 जून की रात अर्जुन तेंदुलकर ने ऐसा धमाका किया, जिसने हर किसी को उनके पिता सचिन तेंदुलकर की याद दिला दी। गेंद से कहर बरपाने के बाद बल्ले से तूफानी अर्धशतक जड़कर अर्जुन ने T20 मुंबई लीग 2026 में अपनी टीम ARCS अंधेरी को शानदार जीत दिलाई। खास बात यह रही कि उन्होंने पहले सिर्फ 3 ओवर में 3 विकेट झटके और फिर महज 25 गेंदों में फिफ्टी पूरी कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
गेंदबाजी में किया कमाल
बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ मुकाबले में अंधेरी ने पहले गेंदबाजी करते हुए विरोधी टीम को 20 ओवर में 144/9 के स्कोर पर रोक दिया। अर्जुन इस दौरान सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने 3 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने बांद्रा के बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सके।
अर्जुन ने जड़ा धमाकेदार अर्धशतक
इसके बाद अर्जुन ने बल्ले से भी कमाल दिखाया। नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे अर्जुन ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने 34 गेंदों पर 66 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 5 लंबे छक्के शामिल रहे। अर्जुन ने सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम को 13.5 ओवर में ही 9 विकेट से जीत दिला दी। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के बाद ड्रेसिंग रूम में टीम के कप्तान शिवम दुबे ने अर्जुन की जमकर तारीफ की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में अर्जुन के चेहरे की मुस्कान और रिएक्शन यह बताने के लिए काफी था कि यह प्रदर्शन उनके लिए कितना खास था। IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए सिर्फ एक मैच खेलने वाले अर्जुन लगातार खुद को साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में उन्होंने 4 ओवर में 36 रन देकर प्रभसिमरन सिंह का अहम विकेट हासिल किया था। अर्जुन तेंदुलकर को भले ही IPL 2026 में ज्यादा मौके नहीं मिल पाए, लेकिन T20 मुंबई लीग 2026 में वह लगातार अपनी टीम की ओर से खेलते नजर आ रहे हैं।
