पेट्रोल-डीजल के साथ सीएनजी भी हुई महंगी, नई कीमतें आज से लागू

पेट्रोल-डीजल के साथ सीएनजी भी हुई महंगी, नई कीमतें आज से लागू

ग्रेटर नोएडा। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण पैदा हुए वैश्विक ईंधन संकट का असर अब सीधे आम आदमी की जेब पर दिखने लगा है। तेल कंपनियों ने लगातार पांचवें दिन पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी है।

ताजा आदेश के मुताबिक सोमवार देर रात के बाद पेट्रोल के दाम 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल के दाम 91 पैसे प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं। नई दरें मंगलवार सुबह छह बजे से लागू कर दी गई। इसके बाद ग्रेटर नोएडा में पेट्रोल 98.63 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.93 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।

तीन दिन पहले भी बढ़े थे दाम

गौरतलब है कि इससे चार दिन पहले शुक्रवार को भी पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की भारी वृद्धि की गई थी। पांच दिन में दूसरी बार हुई इस बढ़ोतरी से वाहन चालकों में नाराजगी है। सीएनजी के दाम भी शुक्रवार को तीन रुपये प्रति किलो बढ़ाए गए थे।

इसके बाद सोमवार को भी एक रूपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी गई। इससे ग्रेटर नोएडा में सीएजनी की कीमत अब 89.70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। इस मूल्य वृद्धि का सीधा असर दैनिक कामकाजी लोगों पर पड़ेगा। ग्रेटर नोएडा में चलने वाले करीब दो हजार से अधिक ऑटो, कैब चालक और ट्रांसपोर्टर सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे।

इससे ढुलाई की लागत बढ़ेगी, रोजमर्रा की चीजों के दाम बढ़ेंगे। आटो चालक अजय कुमार और राम प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार और अब मंगलवार की बढ़ोतरी के बाद महीने का खर्च 4 से 5 हजार रुपये बढ़ जाएगा। किराया बढ़ाने पर सवारियां कम हो जाती हैं।

Leave a Reply