डैशबोर्ड की महत्ता को समझें सभी अधिकारी, न करें लापरवाही: जिलाधिकारी

डैशबोर्ड की महत्ता को समझें सभी अधिकारी, न करें लापरवाही: जिलाधिकारी
  • सहारनपुर में सीएम डैश बोर्ड की बैठक को सम्बोधित करते जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान।

सहारनपुर। जिलाधिकारी  अरविंद कुमार चैहान ने कहा कि डैशबोर्ड की महत्ता समझते हुए अधिकारी किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें तथा समय से  फोर्टल स्वयं सही फीडिंग कराने का काम करें। जिलाधिकारी श्री चैहान आज कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में सीएम डैश बोर्ड पर विकास कार्यों, सीएमआईएस एवं आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने सीएम डैशबोर्ड में खराब रैंकिंग वाली योजनाओं जननी सुरक्षा योजना, फैमिली आईडी, पंचायती राज में 15वां वित्त एवं व्यक्तिगत शौचालय, पशुधन विभाग, आईसीडीएस, लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होने सभी संबंधित अधिकारियों को अगले माह रैंकिंग में सुधार करने के सख्त निर्देश दिए।

जिलाधिकारी श्री चैहान ने फैमिली आई.डी. में नगरीय क्षेत्रों में खराब प्रगति पर अधिशासी अधिकारियों को वेतन रोकने के साथ ही प्रतिकूल प्रविष्टि तथा जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी के वेतन रोकने के निर्देश दिए। पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान में खराब रैंकिंग पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। पंचायती राज विभाग में 15 वें वित्त एवं व्यक्तिगत शौचालय में खराब रैंकिंग पर, पोषण अभियान में जिला कार्यक्रम अधिकारी को, जननी सुरक्षा योजना में खराब रैंकिंग पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को, अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी को कार्यों में लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। आईजीआरएस पोर्टल पर एबीएसए मुजफ्फराबाद तथा खंड विकास अधिकारी नकुड द्वारा असंतोषजनक फीडबैक पर वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि खराब रैंकिंग वाले विभाग अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए रैंकिंग को बेहतर करें अन्यथा कड़ी कारवाई के लिए तैयार रहें। बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिला गन्ना अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग सीएम डैशबोर्ड में सर्वोच्च रैकिंग के लिए प्रयास करें तथा जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं पोर्टल को देखें एवं केपीआई (मुख्य प्रदर्शन संकेतक) पर दृष्टि रखें। उन्होने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन के निर्देशों एवं उच्च प्राथमिकता वालें बिन्दुओं पर गंभीरता से कार्य करें। सीएम डैशबोर्ड पर रैंकिंग वाले विभाग निरंतर समीक्षा कर कार्यों का फालोअप करें तथा रैकिंग गिराने वाले कारणों को देखने तथा सुधार करने के  निर्देश दिए। सीएमआईएस पोर्टल पर संबंधित विभाग द्वारा लम्बित योजनाओं एवं निर्धारित समयावधि में पूर्ण नहीं करने एवं पोर्टल पर समय से सही फीडिंग नहीं करने पर कड़ा रूख अपनाते हुए संबंधित अधिकारी का कारण बताओ नोटिस जारी कर मुख्य विकास अधिकारी को जांच समिति का गठन कर जांच करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि हैबिटेट सेंटर को इसी माह स्मार्ट सिटी को हस्तांतरित कराते हुए पोर्टल पर फीड करें।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही करने वाली फर्म ब्लैक लिस्ट की जाएंगी। आई.जी.आर.एस. पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारित करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहारनपुर सुमित राजेश महाजन, डीएफओ शुभम सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, पीडीडीआरडीए प्रणय कृष्ण सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply