अखिलेश यादव ने ओपी राजभर के दावे पर फिर दिया रिएक्शन, सुभासपा प्रमुख को कह दिया ‘अफ़वाही’ मंत्री
लखनऊः उत्तर प्रदेश के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने गुरुवार को एक बार फिर दावा किया कि समाजवादी पार्टी (सपा) में निश्चित रूप से टूट होगी। उन्होंने सुझाव दिया कि पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को अपने सांसदों को बचाओ अभियान शुरू करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सपा के बागी सांसदों का गुट जल्द ही बलिया के एक नेता के नेतृत्व में सामने आएगा।
राजभर पर लगाए गंभीर आरोप
ओपी राजभर के इस दावे पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स हैंडल पर जवाब दिया और ओपी राजभर को अफवाह फैलाने वाला मंत्री बताया। इसके साथ ही राजभर पर ट्रांसफ़र-पोस्टिंग व कॉन्ट्रैक्ट दिलवाने के नाम पर भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया। उन्होंने राजभर के पंचायती राज विभाग में घोटाले का भी लगाया।
अखिलेश यादव ने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया, ”पंचायती-समाचार: टिकटार्थियों के बाद अधिकारी और ठेकेदार मिलके कर रहे ‘ढुंढाई पंचायत’…। कल तक तो ‘अफ़वाही’ मंत्री जी को केवल वो भावी प्रत्याशी ही ढूंढ रहे थे जिनसे इन्होंने टिकट के नाम पर एडवांस वसूल लिया था, लेकिन अब जो जान गये हैं कि ‘30 सीट’ की बात अफ़वाह है। ले-देकर मिल भी गई तो भी ये जीतने वाले नहीं हैं। इनकी सच्चाई बाहर आते ही अब तो सुना है, वो एई, जेई और एएमए अधिकारी और विभागीय ठेकेदार भी इनको ढूंढने के लिए मिल-बैठकर ‘पंचायत’ कर रहे हैं, जिनसे ट्रांसफ़र-पोस्टिंग व कॉन्ट्रैक्ट दिलवाने के नाम पर इन्होंने एडवांस वसूल लिया है। जिस काली-कमाई के पैसे के बल पर इनके ‘बड़े बोल’ निकल रहे हैं, अब वो पैसा ही इनके ख़िलाफ़ ‘पंचायत’ बैठा रहा है”।
राजभर ने अखिलेश यादव को दी ये सलाह
ओम प्रकाश राजभर ने एक्स हैंडल पर कहा, जिस तरह से कल सपा ऑफिस में एक कॉन्फ्रेंस के बहाने ब्राह्मणों का अपमान किया गया, उससे ‘बागी बलिया’ के ‘लाल’ को गहरी चोट पहुंची है। योजना तो पहले से ही बनी हुई थी, लेकिन कल की घटना ने आग में घी का काम किया है। पार्टी में फूट तो पक्का होगी,”।
राजभर ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा और उन्हें सलाह दी कि वे सोशल मीडिया की राजनीति में उलझने के बजाय अपनी पार्टी के नेताओं को बनाए रखने पर ध्यान दें। राजभर ने कहा, “जिस तरह से पूरे सैफई परिवार ने मेरी एक प्रतिक्रिया पर मुझे बुरा-भला कहने और सफाई देने में समय बर्बाद किया उससे कहीं बेहतर है कि अखिलेश ट्विटर, ऐसी-वैसी बातें और प्रेस कॉन्फ्रेंस वाली लीडरशिप छोड़कर ‘अपने सांसदों को बचाओ’ अभियान शुरू करें।”
ओपी राजभर को कोई सीरियस नहीं लेताः शिवपाल
सपा नेता शिवपाल यादव ने ओम प्रकाश राजभर के समाजवादी पार्टी में टूट के बयान पर कहा, “भाजपा के लोग झूठ बोलते हैं। बीच-बीच में षड्यंत्र भी करते रहते हैं। समाजवादी पार्टी का कोई भी सांसद टूटेगा नहीं। ये लोग अपनी TRP बढ़ाने के लिए और चुनाव के समय सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए ये बोलते हैं। मुझे तो लगता है इन्हें ट्वीट करने का भी पैसा मिलता है। इसलिए इस तरह की बातें करते हैं, झूठ बोलते हैं…। अखिलेश यादव के नेतृत्व में 2027 में उत्तर प्रदेश में सपा सरकार बनेगी। शिवपाल ने कहा कि ओम प्रकाश राजभर को पूरे उत्तर प्रदेश में कोई सीरियस नहीं लेता है।”
