चिदंबरम के बाद केजरीवाल ने भी खुद को बताया ‘दिमागी नक्सली’, बोले- जो विकसित भारत चाहते हैं, उन्हें भी कहा जाएगा नक्सली?

चिदंबरम के बाद केजरीवाल ने भी खुद को बताया ‘दिमागी नक्सली’, बोले- जो विकसित भारत चाहते हैं, उन्हें भी कहा जाएगा नक्सली?

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम के बाद अब आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी खुद को ‘दिमागी नक्सली’ बताया है।

केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एक वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग बीजेपी और केंद्र सरकार से सवाल करते हैं और देश में बेहतर सुविधाओं की मांग करते हैं, उन्हें ‘दिमागी नक्सल’ कहा जा रहा है।

‘मुझे दिमागी नक्सली होने पर गर्व’

केजरीवाल ने कहा कि अगर सवाल पूछना और देश के लिए बेहतर सुविधाएं मांगना ‘दिमागी नक्सल’ होना है, तो वह खुद भी ‘दिमागी नक्सली’ हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात पर गर्व है, क्योंकि वह खुद को सच्चा देशभक्त मानते हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर भगत सिंह और डॉ. भीमराव आंबेडकर आज जीवित होते और सरकार से सवाल करते, तो प्रधानमंत्री उन्हें भी ‘दिमागी नक्सल’ कहते।

चिदंबरम भी कर चुके हैं पलटवार

इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने भी प्रधानमंत्री मोदी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उन्हें ‘दिमागी नक्सल’ कहे जाने पर गर्व है। चिदंबरम की यह टिप्पणी 15 अगस्त को लाल किले से पीएम मोदी के संबोधन के बाद आई थी।

पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा था कि हथियार उठाने वाले नक्सलवाद के खिलाफ देश को सफलता मिली है, लेकिन ‘दिमागी नक्सल’ अब भी मौजूद हैं। उन्होंने ऐसे लोगों को पहचानने और उन्हें अलग-थलग करने की बात कही थी।

‘दिमागी नक्सल’ पर बढ़ी सियासी बहस

पीएम मोदी की टिप्पणी के बाद विपक्षी नेताओं ने इसे सरकार की आलोचना करने वालों को निशाना बनाने वाला बयान बताया है। वहीं, बीजेपी नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री का इशारा उन वैचारिक तत्वों की ओर था जो देश को कमजोर करने और विकास की राह में बाधा डालने का काम करते हैं।

इस मुद्दे पर चिदंबरम और केजरीवाल के बयान के बाद ‘दिमागी नक्सल’ शब्द को लेकर सियासी बयानबाजी और तेज हो गई है।

Leave a Reply