अपर पुलिस महानिदेशक यातायात ने की श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा

अपर पुलिस महानिदेशक यातायात ने की श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा
सहारनपुर में कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते डीआईजी, एसएसपी सहारनपुर एवं एसपी शामली।

सहारनपुर। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक (ट्रैफिक), पुलिस मुख्यालय लखनऊ की अध्यक्षता में सहारनपुर परिक्षेत्र के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय गोष्ठी आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर, पुलिस अधीक्षक शामली, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। गोष्ठी में कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, रूट डायवर्जन की प्रभावी योजना, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

अपर पुलिस महानिदेशक (ट्रैफिक) ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने, यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए समुचित तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराई जा सके।