AAP सांसद संजय सिंह ने दे दिया बड़ा बयान, ‘जिस दिन मैं बीजेपी में जाऊं, देश की…’
आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बड़ा बयान दिया. लखनऊ में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मैंने खुलेआम कहा है कि जिस दिन मैं भारतीय जनता पार्टी में जाऊं, मेरी पार्टी के कार्यकर्ता और इस देश की जनता, जहां पाए मेरे चेहरे पर कालिख लगा दे.
क्या पंजाब के विधायक बीजेपी में होंगे शामिल?
क्या पंजाब के आप विधायक भी बीजेपी में शामिल होंगे, इस सवाल पर संजय सिंह ने कहा, “ये झूठी और बेबुनियाद बात है. उन्होंने ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल करके ऑपरेशन लोटस राज्यसभा के सांसदों पर चला लिया. हम लोग सचेत हैं. ऑपरेशन लोटस का जवाब ऑपरेशन पीटस के साथ पंजाब में उनको दिया जाएगा.”
आप भी बीजेपी में जाएंगे, इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आप सांसद ने कहा, “मोदी जी से पूछिए कि हिंदुस्तान में कौन सा ऐसा व्यक्ति है जो उनके साथ नहीं जाएगा तो वो करेंगे कि संजय सिंह. मरते दम तक भारतीय जनता पार्टी में जाने का दूर दूर तक कोई प्रश्न ही नहीं उठता.”
यूपी में 2027 में कितनी सीटों पर लड़ेगी AAP?
2027 में यूपी विधानसभा सीटों पर आम आदमी पार्टी कितनी सीटों पर लड़ेगी, इस पर उन्होंने कहा, “अभी पंचायत चुनाव का समय है. अभी पंचायत चुनाव की तैयारी में हैं. उसके बाद लौटकर आपको बताएंगे.”
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव पर क्या बोले?
पश्चिम बंगाल चुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “4 तारीख के बाद आपको पता चल जाएगा कि बीजेपी के गुंडे बंगाल छोड़कर भागेंगे या पंचर बनाते नजर आएंगे…पूरा देश देख रहा है कि एसआईआर के जरिए वोट की चोरी, ऊपर से क्रेंदीय सुरक्षा बल, केंद्रीय सुरक्षा बल के जरिए मतदाताओं को डराना-धमकाना, ऊपर से ईडी-सीबीआई के जरिए नेताओं को गिरफ्तार करना. कई चरण में चुनाव को प्रभावित करने के लिए पीएम मोदी ने तरीका बना लिया है.”
