आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 4 हजार रुपये की बढ़ोतरी
अब 12 हजार रुपये प्रतिमाह मिलेगा मानदेय, पांच लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा भी
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में 4 हजार रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्हें प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह घोषणाएं अयोध्या में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह के दौरान कीं।
कार्यक्रम का सहारनपुर के विकास भवन सभागार में लाइव प्रसारण किया गया। इस दौरान राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि सरकार का यह निर्णय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय पहले 3 हजार से बढ़ाकर 8 हजार रुपये किया गया था। अब इसमें 4 हजार रुपये की और बढ़ोतरी के बाद उन्हें 12 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इसके अलावा एक अतिरिक्त साड़ी के लिए 500 रुपये वार्षिक की राशि भी सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।
समारोह के दौरान गंभीर एवं मध्यम कुपोषण से स्वस्थ हुए बच्चों को उनके माता-पिता तथा संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के साथ सम्मानित किया गया। वहीं 24 नवजात बालिकाओं को प्रमाणपत्र और बेबी किट वितरित की गईं।
विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थी शामिल रहे।
इस अवसर पर ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान की भी शुरुआत की गई।
