‘नाराज फूफाओं’, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन पर गुस्सा विपक्ष, बोला- ‘मलबे में बच्चे, और इन्हें…’
दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विपक्षी नेताओं को लेकर की गई ‘नाराज फूफा’ टिप्पणी पर सियासत तेज हो गई है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री की टिप्पणी का समर्थन करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विपक्ष के ‘नाराज फूफाओं’ को होम्योपैथी की मीठी और शांत दवा दी, लेकिन उसका असर एलोपैथी की तेज एंटीबायोटिक जैसा हुआ.
नितिन नवीन बोले- विपक्ष को विकास से भी परेशानी
नितिन नवीन ने वीडियो में कहा कि समाज और परिवार में कुछ लोग ऐसे होते हैं जो हमेशा असंतुष्ट रहते हैं और किसी सकारात्मक दिशा में आगे नहीं बढ़ पाते. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ऐसे ही लोगों के लिए ‘नाराज फूफा’ शब्द का इस्तेमाल किया है.
नितिन नवीन ने विपक्षी नेताओं से सवाल करते हुए कहा कि जब भारत विकास कर रहा है तो उन्हें इससे परेशानी क्यों है. उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराया गया और नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने की दिशा में काम हुआ, फिर भी विपक्ष नाराज है.
गरीबी कम होने का भी किया जिक्र
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष लंबे समय तक जिन नारों के साथ सत्ता में रहा, आज उन नारों को पूरा करने का काम किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ परिवारों और गरीब परिवारों के लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाने का काम हुआ है, लेकिन विपक्ष इस पर भी नाराज है.
उन्होंने कहा कि विपक्ष भारत के विकास, विरासत और संस्कृति को आगे बढ़ते हुए नहीं देख पाता. उनके मुताबिक विपक्ष निजी स्वार्थ और निजी प्रतिष्ठा तक सीमित है. उन्होंने कहा कि परिवार में जिस तरह ‘नाराज फूफा’ की स्थिति होती है, आज भारत में विपक्ष की स्थिति भी वैसी ही हो गई है.
बोले- भारत का विकास नहीं रुकेगा
नितिन नवीन ने कहा कि पीएम मोदी का विजन 2047 तक विकसित भारत के सपने को पूरा करना है. उन्होंने कहा कि देश के 140 करोड़ लोग इस लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं.
उन्होंने कहा कि विपक्ष की नाराजगी या विरोध कितना भी हो, भारत का विकास नहीं रुकेगा. देश के 140 करोड़ लोगों के साथ मिलकर विकसित भारत के संकल्प को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा.
पवन खेड़ा ने नितिन नवीन पर साधा निशाना
नितिन नवीन के बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक्स पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा कि रात के करीब साढ़े 11 बजे सत्तारूढ़ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को इस बात की चिंता नहीं है कि कितने बच्चे अभी भी मलबे के नीचे दबे हुए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अध्यक्ष को देश में फैल रहे जायज गुस्से से नाराजगी है.
सुप्रिया श्रीनेत बोलीं- कम से कम अफसोस का दिखावा कर लेते
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी नितिन नवीन पर निशाना साधा. उन्होंने एक्स पर लिखा कि देश की राजधानी दिल्ली में बच्चे मलबे में दबकर दम तोड़ रहे हैं और सत्तारूढ़ भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन को यह सब कहने की सूझ रही है. उन्होंने कहा कि अगर कुछ नहीं तो कम से कम अफसोस का दिखावा ही कर लेते.
बता दें कि दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक पांच मंजिला इमारत गिर गई थी. हादसे में छह लोगों की मौत हो गई. देर रात मलबा हटाए जाने के दौरान एक और शव मिला. राहत और बचाव कार्य जारी है.
