हेलीकाप्टर से बरसे फूल, शिवभक्तों का बढ़ा उत्साह
गागलहेड़ी। कांवड़ यात्रा के दौरान शनिवार को गागलहेड़ी में उस समय अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब आसमान से हेलीकाप्टर के जरिए शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में मंडलायुक्त डा. रूपेश कुमार और डीआइजी अभिषेक सिंह ने हेलीकाप्टर से कांवड़ मार्ग के प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर शिवभक्तों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
आसमान से बरसते फूलों को देखकर कांवड़ियों के चेहरे खिल उठे और पूरा वातावरण हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। शनिवार दोपहर हेलीकाप्टर से घंटाघर चैराहा, राकेश केमिकल और गागलहेड़ी चैक समेत कांवड़ मार्ग के प्रमुख स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई। हजारों की संख्या में कांवड़िये गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान अचानक आसमान से फूलों की बारिश शुरू हुई तो शिवभक्तों में उत्साह की लहर दौड़ गई। कांवड़ियों ने हाथ उठाकर अभिवादन किया और कई श्रद्धालुओं ने इस मनमोहक दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।
हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा देखने के लिए सड़क किनारे मौजूद स्थानीय लोगों और व्यापारियों की भीड़ भी जुट गई। पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए इस दृश्य के साक्षी बने। लोगों ने मोबाइल फोन से फोटो और वीडियो बनाकर इस यादगार पल को कैमरे में कैद किया। कुछ ही देर में गागलहेड़ी का कांवड़ मार्ग पुष्पों से सजा नजर आने लगा। कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से शिवभक्तों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान के लिए लगातार व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
पुष्पवर्षा की इस पहल ने सेवा, सुरक्षा और श्रद्धा के संगम को प्रदर्शित किया। शिवभक्तों का कहना था कि यात्रा के दौरान इस तरह सम्मान मिलने से उनका उत्साह और बढ़ गया है। कांवड़ मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मी भी पूरी मुस्तैदी के साथ यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए। प्रशासन की ओर से शिवभक्तों से शांतिपूर्वक और अनुशासन के साथ यात्रा करने की अपील की जा रही है। हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा शुरू होते ही गागलहेड़ी चैक समेत अन्य स्थानों पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल निकाल लिए। देखते ही देखते हर कोई इस खास पल को अपने कैमरे में कैद करने में जुट गया। आसमान से बरसते फूल और सड़क पर जयकारे लगाते शिवभक्तों का दृश्य बेहद मनमोहक नजर आया।
