मेरठ खेल विश्वविद्यालय ने बढ़ाई आवेदन की अंतिम तिथि, 11 अगस्त तक कर सकेंगे अप्लाई
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में खेल शिक्षा को नई दिशा देने के उद्देश्य से स्थापित मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, मेरठ ने छात्रों को बड़ी राहत दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 11 अगस्त 2026 कर दी है। इस फैसले से उन अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय मिलेगा, जो निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन नहीं कर पाए थे।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, पीजी डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग पाठ्यक्रम के तहत कबड्डी, हॉकी, बॉक्सिंग, योग, कुश्ती, बैडमिंटन और एथलेटिक्स जैसे प्रमुख खेलों में प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा पीजी डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन कोर्स के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य खेल क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित कोच, विशेषज्ञ और खेल पत्रकार तैयार करना है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि अभ्यर्थी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी पात्रता, नियम और अन्य आवश्यक जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है, जिससे छात्र आवेदन से पहले सभी दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर सकें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दे रही है। इसी कड़ी में स्थापित मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में आधुनिक खेल सुविधाएं, अत्याधुनिक प्रशिक्षण संसाधन, खेल विज्ञान आधारित शिक्षा और अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसे प्रशिक्षक, शोधकर्ता और खेल विशेषज्ञ विकसित करना भी है जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान दे सकें। साथ ही, गुणवत्तापूर्ण खेल शिक्षा को न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध कराने की योजना से आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को भी लाभ मिलेगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत ने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बढ़ाई गई समय-सीमा का लाभ उठाकर अधिक से अधिक छात्र इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन करें।
