पत्नी से तकरार के बीच धू-धूकर जली बाइक, बच्चों के सामने मचा हड़कंप, वीडियो वायरल

रक्षाबंधन पर मायके जा रही पत्नी से रास्ते में हुआ विवाद

दहिरपुर में पंचायत घर के सामने की घटना, राहगीरों ने दंपती को समझाने का किया प्रयास

बाइक जलने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित, पुलिस ने शार्ट सर्किट की जताई आशंका

मो. अरशद, भागुवाला(बिजनौर)।

 रक्षाबंधन पर पत्नी और दो बच्चों को लेकर ससुराल जा रहे युवक का रास्ते में पत्नी से विवाद हो गया। दहिरपुर गांव में पंचायत घर के सामने कहासुनी के बीच अचानक बाइक आग की लपटों से घिर गई। सड़क किनारे बाइक को धू-धूकर जलता देख मौके पर हड़कंप मच गया। घटना के दौरान साथ मौजूद दोनों बच्चे सहम गए। बाइक जलने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

नगीना देहात थाना क्षेत्र के टांडामाई दास निवासी बबलू सैनी पुत्र राजेंद्र सैनी रक्षाबंधन पर पत्नी और दो बच्चों के साथ अपाचे बाइक से कोट सराय स्थित ससुराल जा रहा था। बताया गया कि दहिरपुर में पंचायत घर के सामने किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवक ने बाइक रोक दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान बाइक में आग लग गई। कुछ ही पलों में बाइक आग की लपटों में घिर गई और सड़क किनारे धू-धूकर जलने लगी। अचानक हुई घटना से मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। दोनों बच्चे घबराकर सहम गए।

राहगीरों ने संभाला मोर्चा

बाइक जलती देख वहां से गुजर रहे राहगीर मौके पर रुक गए। लोगों ने दंपती को समझाकर विवाद शांत कराने का प्रयास किया। बाद में दंपती दोनों बच्चों के साथ पैदल ही आगे रवाना हो गया, जबकि बाइक जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।

वीडियो ने बढ़ाई चर्चा

घटना के दौरान किसी राहगीर ने बाइक में लगी आग का वीडियो बना लिया। वीडियो में सड़क किनारे बाइक धधकती दिखाई दे रही है। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

बाइक में आग लगाने की चर्चा, पुलिस जांच में जुटी

घटना को लेकर चर्चा है कि विवाद के बाद बाइक में आग लगाई गई, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। थाना प्रभारी अन्नू कुमारी ने बताया कि बाइक में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस टीम भेजी गई है। प्रारंभिक जानकारी में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply