बदायूं में अंबेडकर प्रतिमा विवाद पर मायावती की अपील, बोलीं- शांतिपूर्ण तरीके से निकाला जाए समाधान
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर चल रहे विवाद के बीच बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सभी लोगों से धार्मिक आस्थाओं, परंपराओं और संवैधानिक अधिकारों का सम्मान करने की अपील की। साथ ही प्रशासन से विवाद का शांतिपूर्ण और उचित समाधान निकालने की मांग की।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का संविधान देश के सभी जाति और धर्मों के लोगों को समान अधिकार देता है। उनके मुताबिक, हर व्यक्ति को अपनी धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं के अनुसार शांतिपूर्ण जीवन जीने का अधिकार है। ऐसे में किसी की धार्मिक आस्था में दखल देने के बजाय उसकी पवित्रता और भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
संवेदनशील मुद्दों पर बयानबाजी से बचने की अपील
BSP प्रमुख ने धर्म, धार्मिक ग्रंथों और धार्मिक परंपराओं से जुड़े संवेदनशील मामलों पर लोगों से टिप्पणी करने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे विषयों को संवेदनशीलता और आपसी समझदारी के साथ संभालना देश और जनहित में बेहतर होगा।
मायावती ने स्कूलों में यूनिफॉर्म, पर्दा, चादर और हिजाब जैसे मुद्दों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन मामलों को अनावश्यक रूप से तूल देने या कोर्ट-कचहरी का विवाद बनाने के बजाय स्थानीय स्तर पर स्कूल प्रबंधन और शासन-प्रशासन की आपसी समझ से सुलझाया जाना चाहिए। इससे ऐसे मामलों की आड़ में संकीर्ण राजनीति को बढ़ावा मिलने से रोका जा सकेगा।
बदायूं में तनाव पर मायावती ने क्या कहा?
मायावती ने कहा कि BSP सर्वसमाज के सम्मान और उनके जान-माल व धर्म की सुरक्षा की पक्षधर पार्टी है। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म या धार्मिक मान्यता से जुड़े संवेदनशील मामलों में सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर जारी विवाद और तनाव का उल्लेख करते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की। मायावती ने कहा कि शासन-प्रशासन को मामले का शांतिपूर्ण और उचित समाधान निकालना चाहिए।
सरकारी जमीन पर प्रतिमा लगाने को लेकर विवाद
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बदायूं के सिकरी गांव में मंगलवार शाम डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव को लेकर विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि सरकारी जमीन पर प्रतिमा लगाए जाने की योजना को लेकर स्थानीय स्तर पर तनाव पैदा हुआ, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई और झड़प हो गई।
इस घटना में कुछ पुलिसकर्मियों और एक स्थानीय व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। इसी बीच मायावती ने प्रशासन से मामले को बिना किसी पक्षपात के शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने की अपील की है।
