आजम खान पर सपा की पैरवी से योगी का हमला, बोले- फिर दंगे भड़काना चाहती है पार्टी

आजम खान पर सपा की पैरवी से योगी का हमला, बोले- फिर दंगे भड़काना चाहती है पार्टी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा आजम खान की पैरवी कर रही है और सत्ता में आने पर उन्हें गृह मंत्री बनाने की बात कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा प्रदेश में फिर से दंगों का माहौल पैदा करना चाहती है।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा उन लोगों का समर्थन कर रही है जिन्होंने भारत की आजादी का विरोध किया और देश के विभाजन का पक्ष लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित करने का प्रयास भी किया गया था।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, “सपा ने घोषणा की है कि यदि उनकी सरकार बनी तो आजम खान को गृह मंत्री बनाया जाएगा। इसका मतलब है कि वे प्रदेश में फिर से दंगों को बढ़ावा देना चाहते हैं।”

दरअसल, बुधवार को शिवपाल सिंह यादव ने रामपुर जिला जेल में बंद पूर्व मंत्री आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा था कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा सत्ता में आती है तो आजम खान को गृह मंत्री बनाया जाएगा।

शिवपाल के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है और भाजपा लगातार सपा को निशाने पर ले रही है।

Leave a Reply