ये क्या गुंडागर्दी चल रही है देश में? फ्लाइट में महुआ मोइत्रा के खिलाफ लगे नारे तो भड़के संजय सिंह

ये क्या गुंडागर्दी चल रही है देश में? फ्लाइट में महुआ मोइत्रा के खिलाफ लगे नारे तो भड़के संजय सिंह

तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने दिल्ली जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में अपने साथ कथित दुर्व्यवहार और उत्पीड़न का आरोप लगाया है और एक वीडियो भी एक्स पर शेयर किया है. अब इस मामले पर आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की प्रतिक्रिया सामने आई है. आप सांसद ने कहा है कि इतनी गुंडागर्दी न दिखाओ भाजपाइयों, अहंकार तो रावण का नहीं चला तो तुम क्या चीज हो?

AAP सांसद संजय सिंह ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-“ये क्या गुंडागर्दी चल रही है देश में? लोकसभा की महिला सांसद महुआ मोइत्रा के साथ प्लेन में अभद्रता ये साबित करता है की BJP का अहंकार चरम पर है. इतनी गुंडागर्दी न दिखाओ भाजपाइयों, अहंकार तो रावण का नही चला तो तुम क्या चीज हो? बेईमानी से चुनाव जीत कर इतना न उछलो BJP वालों.”

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि वह संसद की रक्षा संबंधी स्थायी समिति की बैठक में शामिल होने के लिए इंडिगो की फ्लाइट 6ई-719 से दिल्ली यात्रा कर रही थीं. उनके अनुसार, वह विमान की सीट 1एफ पर बैठी थीं, तभी 4 से 6 लोगों का एक समूह विमान में सवार हुआ. टीएमसी सांसद का आरोप है कि ये लोग लगातार उन्हें घूरते रहे और बाद में विमान के पिछले हिस्से की ओर चले गए. उन्होंने कहा कि फ्लाइट के दिल्ली पहुंचने के बाद, लेकिन विमान का दरवाजा खुलने से पहले, इन लोगों ने “जय श्री राम” के नारे लगाने शुरू कर दिए.

इसके साथ ही टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने इस घटना को उनकी सुरक्षा और निजी गरिमा का उल्लंघन बताते हुए कहा कि इसे “जनता का गुस्सा” बताना गलत होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक सोची-समझी हरकत थी, जिसका उद्देश्य उन्हें मानसिक रूप से परेशान करना था.

Leave a Reply