यूपी पंचायत चुनाव: प्रधानी खत्म होने के बाद भी ‘पावर’ में रहेंगे ग्राम प्रधान, मंत्री राजभर ने दिया बड़ा संकेत
गाजीपुर। पंचायती राजमंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव न होने की दशा में विभाग की तरफ से मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भेजा गया।
पंचायती राज विभाग का विचार है कि ग्राम प्रधान के नेतृत्व में प्रशासक नियुक्त किया जाए। वैसे इस पर मुख्यमंत्री जो भी उचित होगा एक दो दिन में इस पर निर्णय लेंगे।
शुक्रवार की शाम मरदह क्षेत्र में सड़क के चौड़ीकरण का शिलान्यास करने पहुंचे मंत्री ओपी राजभर ने पत्रकार वार्ता में मऊ विधायक अब्बास अंसारी के बारे में सवाल के जवाब में कहा कि वह समाजवादी पार्टी के विधायक हैं, जो सुभासपा के सिंबल पर जीते हैं।
अब्बास अंसारी को पुनः सुभासपा से चुनाव लड़ाने के सवाल पर बोले कि कतई टिकट नहीं देंगे। बकौल मंत्री, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खुद कहा था कि मैंने अपना नेता उन्हें चुनाव लड़ने के लिए दिया था।
सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पीडीए परिवार डेवलपमेंट अथार्टी है। पी से परिवार, डी से डिंपल व ए से अखिलेश यादव हैं। कहा कि जब अखिलेश यादव पांच साल मुख्यमंत्री थे, तब पीडीए की याद नहीं आई।
कहा कि सपा सरकार में शिवपाल यादव सरकारी नौकरियों में भर्ती की सूची बनाते थे और अखिलेश यादव उस पर हस्ताक्षर करते थे। समाजवादी पार्टी में यही लोग लूटते थे । कहा कि सपा सरकार में अनिल यादव को यूपीएससी का अध्यक्ष बनाने पर हाईकोर्ट ने लताड़ लगाई थी।
