नई दिल्ली । केंद्रीय सरकार ने अपने मंत्रिमंडल में फिर से बदलाव किया है। सरकार ने केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल को कानून एवं न्याय मंत्रालय के राज्य मंत्री के स्थान पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री बना दिया है।

रिजिजू का भी बदला मंत्रालय

केंद्र सरकार ने आज केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू का भी विभाग बदला है। रिजिजू को अब पृथ्वी-विज्ञान मंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया है। वहीं, सरकार ने रिजिजू की जगह कानून मंत्रालय की जिम्मेदारी अर्जुन राम मेघवाल को दे दी है। मेघवाल अपने विभाग के साथ कानून मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होंगे।

रिजिजू को नया मंत्रालय देने पर विपक्ष का तंज

किरेन रिजिजू को कानून मंत्रालय की जगह पृथ्वी-विज्ञान मंत्रालय का कार्य सौंपे जाने पर कांग्रेस समेत विभिन्न विपक्षी दलों ने तंज कसा है। शिवसेना (यूबीटी) ने नेता संजय राउत ने किरेन रिजिजू पर हमला बोलते हुए आज कहा कि केंद्र ने आखिरकार सुप्रीम कोर्ट की सुन ली और अखिरकार सजा दे दी है। उन्होंने कहा कि ये फैसला न्याय की जीत है।

दूसरी ओर कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने कहा कि ये रिजिजू के नाकाम मंत्री होने के चलते लिया गया है। उन्होंने कहा कि रिजिजू ने न्यायालय का अपमान करने का काम किया है।