व्यापारियों ने मनाया पं श्यामबिहारी मिश्रा का जन्मदिवस

- सहारनपुर में पं. श्याम बिहारी मिश्रा का जन्मदिन मनाते व्यापारी।
सहारनपुर। सहारनपुर उद्योग व्यायापार प्रतिनिधिमंडल के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के संस्थापक व पूर्व सांसद पं. श्याम बिहारी मिश्रा का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
स्थानीय रेलवे रोड स्थित व्यापार मंडल कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा व महामंत्री स. सुरेंद्र मोहन सिंह चावला ने कहा कि व्यापारियों के मसीहा पं. श्याम बिहारी मिश्रा कानपुर की बिल्लौर लोकसभा सीट से चार बार सांसद रहे और आजीवन व्यापारियों के लिए संघर्ष करते रहे। उन्होंने कहा कि पं. मिश्रा कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक सम्पूर्ण भारतवर्ष में व्यापारियों के सर्वमान्य नेता थे। उनकी शख्सियत थी कि चार बार का सांसद होने के बावजूद भी वह राजनीति में ईमानदारी व सादगी के साथ कार्य करते रहे। उन्होंने व्यापारी हितों की रक्षा के लिए पूरे देश में व्यापार मंडल की स्थापना कर व्यापारियों को एकजुट कर संगठित करने का काम किया।
उन्होंने कहा कि आज पं. श्याम बिहारी मिश्रा द्वारा स्थापित व्यापार मंडल अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के बावजूद मजबूती के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपने-अपने घरों में पं. श्याम बिहारी मिश्रा के नाम से पौधा लगाकर उनका जन्मदिन मनाने का आह्वान किया।
इस दौरान महेश नारंग, संजय भसीन, डी. के. गुप्ता, सुरेश निझावन, नीरज जैन, जसवीर बतरा, अनुभव शर्मा, अनिल गुप्ता, सुंदर सैनी, गुलशन अनेजा, मोहन लाल मेहंदीरत्ता, यशपाल डाबरा, कृष्णलाल ठक्कर, मुरली खन्ना, आर. के. मल्होत्रा, अशोक नारंग, मदन लाम्बा आदि व्यापारी मौजूद रहे।