‘आज राम भक्ति की दुहाई दे रहे हैं, अयोध्या आने के लिए मचल रहे हैं’, सपा-कांग्रेस पर CM योगी का तंज

‘आज राम भक्ति की दुहाई दे रहे हैं, अयोध्या आने के लिए मचल रहे हैं’, सपा-कांग्रेस पर CM योगी का तंज

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रामपुर जिले के दौरे पर हैं जहां उन्होंने 690 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से बनाए जा रहीं 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान सीएम योगी ने विपक्षी दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा.

सीएम योगी आदित्यनाथ ने रामपुर की जनता को संबोधित करते हुए कहा, “आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का मॉडल बन रहा है. आज अगर आप अयोध्या रेल से जाएंगे तो डबल लाइन की सुविधा मिलती है. अयोध्या ब्रॉड गेज की डबल लाइन के साथ जुड़ा है. रोड से जाएंगे तो फोर लेन की कनेक्टिविटी मिलेगी. वायु मार्ग से जाएंगे तो अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि के नाम पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट मिलेगा. अयोध्या त्रेता युग की याद दिलाता है.”

‘पहले गोली चलाते थे, आज आस्था की वकालत कर रहे’

वहीं, सपा-कांग्रेस पर हमला बोलते हुए सीएम योगी ने कहा, “आज राम की भक्ति की वकालत कौन कर रहा है? 2017 के पहले जो जय श्रीराम बोलने पर लाठी मारते थे. 2017 के पहले जब राम भक्त कहता था कि रामलला आएंगे, हम मंदिर वहीं बनाएंगे. ऐसे रामभक्तों पर जो गोली चलाते थे, आज आस्था की वकालत करते हुए दिखाई देते हैं.”

कांग्रेस पर वार करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “वह कांग्रेस जो 2017 से पहले राम और कृष्ण के अस्तित्व को नकार चुकी थी, आज वो भी कहती है कि राम तो सबके हैं. अब ये लोग अयोध्या जाने के लिए मचल रहे हैं, लेकिन राम तो जगत नियंता हैं. वे भी जानते हैं कि सही कौन है और बुरा कौन है.”

रामपुर की जनता से सीएम योगी बोले, “यह आपकी और आपकी आस्था की ताकत है कि उन्हें आपका पिछलग्गू बनने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. यह आपके वोट बैंक की ताकत है. अब उन्हें अपने पाप का पश्चाताप होता होगा.”