‘अब्दुल कब तक बिछाएगा दरी’, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सपा चीफ अखिलेश यादव पर जमकर बरसे
गाजियाबाद के लोनी दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव और कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा अखिलेश यादव के पीडीए का मतलब ‘प्राइवेट लिमिटेड अथॉरिटी’ है.
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि, समाजवादी पार्टी केवल परिवार की पार्टी है और यह जाति धर्म के आधार पर चलती है. उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी का प्रदेश की जनता से कोई लेना देना नहीं है, मैं बार-बार कहता हूं… ‘अब्दुल कब तक दरी बिछाएगा.’ 20% जिसका वोट है वह दरी बिछा रहा है, जिसका 6% वोट है वह सत्ता पर है.
समाजवादी पार्टी को उसकी हैसियत बताएं मुस्लिम- ब्रजेश पाठक
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुस्लिम समाज से कहता हूं कि अपना नेता चुनें और समाजवादी पार्टी को उसकी हैसियत बता दें. उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश की हांडी बार-बार नहीं चलेगी. भारतीय जनता पार्टी सर्व समाज की पार्टी है, सबके विश्वास के आधार पर चलती है. प्रदेश और देश को विकसित भारत के संकल्प काम करती है.
संविधान को नहीं मानती सपा और कांग्रेस- ब्रजेश पाठक
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारतवर्ष के लिए आज बहुत बड़ा दिन है. देश की संसद का विशेष सत्र बुलाकर महिला आरक्षण के लिए अधिनियम के प्रथम दिन बहस शुरू हुई है, अभी बहस चलेगी. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी बाबा साहब के संविधान मानते नहीं है, बाबा साहब ने संविधान में लिख रखा है हमें जो आरक्षण मिलेगा वह धर्म के आधार पर नहीं मिलेगा.
आपको बता दें कि लोनी से बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर राम कथा का आयोजन करा रहे हैं, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनने के लिए यहां पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने उक्त बातें कही.
