भगत सिंह के जन्मदिन पर सरसावा में होगा बड़ा समारोह
यमुना पुल गुरुद्वारा में 28 सितंबर को कीर्तन दरबार और विचार गोष्ठी, लगेगा निशुल्क चिकित्सा शिविर
देवबंद। शहीद भगत सिंह भाईचारा मंच के तत्वावधान में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर 28 सितंबर को सरसावा स्थित यमुना पुल गुरुद्वारा साहिब में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर आयोजकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
नगर के गुरुद्वारा साहिब पहुंचे यमुना पुल गुरुद्वारा साहिब के बाबा उदय सिंह और कामरेड नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि शहीद भगत सिंह भाईचारा मंच की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी भगत सिंह का जन्मदिन श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समारोह में कीर्तन दरबार और विचार गोष्ठी का आयोजन होगा। इसके साथ ही विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया जाएगा। शिविर में बड़े अस्पतालों के चिकित्सक मरीजों की जांच कर उन्हें निशुल्क उपचार और चिकित्सकीय परामर्श देंगे।
आयोजकों ने संगत से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर समारोह को सफल बनाने की अपील की। इससे पूर्व देवबंद गुरुद्वारा कमेटी की ओर से कार्यक्रम के लिए पहुंचे अतिथियों का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सेठ कुलदीप कुमार, कमलजीत सिंह बाबी, सतीश गिरधर, श्याम लाल भारती, गुरजोत सिंह सेठी, चंद्रदीप सिंह, चरणप्रीत सिंह, बलविंदर सिंह, जगतार सिंह और नाजर अली समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
