वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत विकास और स्थिरता का भरोसेमंद स्रोत- पीएम मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि दुनिया इस समय अस्थिरता और अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है, इसके बावजूद भारत लगातार विकास कर रहा है। BRICS Business Forum को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत आज विकास और स्थिरता के लिए भरोसे का स्रोत बना हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बदलती वैश्विक अर्थव्यवस्था में BRICS की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि BRICS अब वैश्विक नवाचार और समस्याओं के समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। उन्होंने सदस्य देशों से सामूहिक प्रयासों को और मजबूत करने का आह्वान किया।
पीएम मोदी ने कहा कि BRICS की महत्वाकांक्षाओं को ठोस कार्रवाई में और सामूहिक ताकत को वैश्विक समाधानों में बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि BRICS को आगे बढ़ना चाहिए और दुनिया को भी आगे ले जाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
व्यापार में बाधाओं के बीच भारत बना आर्थिक पुल
ग्लोबल ट्रेड का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जब दुनिया के कई हिस्सों में व्यापारिक बाधाएं बढ़ रही हैं, तब भारत आर्थिक पुल बनाने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग और इनोवेशन के क्षेत्र में भारत के विजन को ‘Make in India, Innovate with India, Scale for the World’ के संदेश के साथ सामने रखा।
प्रधानमंत्री ने सुरक्षित समुद्री मार्गों को वैश्विक व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यापार तभी सुचारू रूप से आगे बढ़ सकता है, जब समुद्री रास्ते सुरक्षित हों, सप्लाई रूट खुले रहें और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत नेविगेशन की स्वतंत्रता और नाविकों की सुरक्षा का मजबूती से समर्थन करता है। उन्होंने वैश्विक व्यापार व्यवस्था में सुरक्षित और निर्बाध समुद्री परिवहन की जरूरत पर जोर दिया।
BRICS में 21 देश, दुनिया की 50% आबादी का प्रतिनिधित्व
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस वर्ष BRICS के 20 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में BRICS परिवार में 21 देश शामिल हैं। यह समूह दुनिया की करीब 50 प्रतिशत आबादी, 40 प्रतिशत वैश्विक GDP और 20 प्रतिशत वैश्विक व्यापार का प्रतिनिधित्व करता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में BRICS की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है और सामूहिक प्रयासों के जरिए यह समूह वैश्विक विकास और स्थिरता में प्रभावी योगदान दे सकता है।
