राहुल गांधी ने रैली को लेकर BJP पर कसा तंज, बोले- धन्यवाद, आप ही कर रहे हैं प्रचार
नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली रैली को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों से रैली में शामिल होने की अपील की। रविवार, 25 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए राहुल गांधी ने बीजेपी को धन्यवाद भी कहा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी और उसके सहयोगी रैली का प्रचार करने में जुटे हैं।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में मतदाता सूची से नाम काटे जाने और नियम-कानूनों के उल्लंघन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सवाल उठाने वालों पर लाठियां चलाई गईं, लेकिन अब देश जवाब देगा। कांग्रेस नेता ने 1 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम को ‘वोट बचाओ–देश बचाओ जन मार्च और महारैली’ नाम दिया है।
राहुल गांधी ने बीजेपी को क्यों कहा धन्यवाद?
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि देश में वोट चोरी के मुद्दे को लेकर लोग चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को लोकतंत्र की चिंता है, उन्हें रैली में जरूर पहुंचना चाहिए। राहुल ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वोट उनका है और इसकी रक्षा की लड़ाई भी उनकी है।
बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी और उसके सहयोगियों का वह दिल से धन्यवाद करते हैं, क्योंकि वे रैली का जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं और इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि अगले सात दिनों तक भी बीजेपी इसी जोश और लगन के साथ प्रचार जारी रखे।
रैली को लेकर कांग्रेस ने तेज की तैयारियां
कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की ओर से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर लगातार सवाल उठा रहा है। वहीं, राहुल गांधी और कांग्रेस मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों को लेकर बीजेपी पर आरोप लगा रहे हैं।
रैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के शीर्ष नेताओं को भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी और लक्ष्य दिए जाने की बात सामने आई है। अब इस आयोजन के जरिए कांग्रेस मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है।
