जनपद के नोडल अधिकारी ने की विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा

जनपद के नोडल अधिकारी ने की विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा

सहारनपुर। प्रमुख सचिव, कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग उत्तर प्रदेश शासन एवं जनपद के नोडल अधिकारी श्री रविन्द्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आहूत की गई।

श्री रविन्द्र ने निर्देश दिए कि कैम्प लगाकर विशेष अभियान के तहत फार्मर रजिस्ट्री के कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए। निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। लापरवाही करने पर कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी तय की जाए तथा ठेकेदार पर जुर्माना लगाया जाए। आॅपरेशन कायाकल्प के तहत अवशेष सभी विद्यालयों में 19 मानकों के आधार पर संतृप्त किया जाए।

प्रमुख सचिव ने कहा कि कृषकों को नेपियर घास के लिए प्रोत्साहित किया जाए तथा सुनिश्चित किया जाए कि गौ आश्रय स्थलों पर छाया, पेयजल, भूसा, हरा चारा की पर्याप्त व्यवस्था हो। सभी निराश्रित गोवंशों को गोआश्रय स्थलों में संरक्षित करना सुनिश्चित करें। सीएम युवा उद्यमी विकास योजना में बैंक द्वारा अस्वीकृत प्रकरणों की निरंतर समीक्षा की जाए तथा सुनिश्चित किया जाए कि ऋण संबंधी कोई भी पत्रावली अनावश्यक रूप से लम्बित न रहे। उन्होने कहा कि लम्बित राजस्व वादों को गुण-दोष के आधार पर निस्तारित किया जाए। 03 एवं 05 वर्ष पुराने वाद लम्बित न रहे। पेंशन योजनाओं से संबंधित कोई भी पात्र पेंशन से वंचित न रहे। सभी पात्रों को समय से पंेंशन दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

श्री रविन्द्र ने जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना की समीक्षा करते हुए संबंधित फर्म द्वारा किए गये कार्यों की मुख्य विकास अधिकारी को जांच करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा करते हुए किसी कारणवश अवशेष किश्तों को उपलब्ध कराया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारी से गांवों में किए गये कार्यों की सूची उपलब्ध करवाने के लिए कहा। बेसिक शिक्षा अधिकारी को राईट टू एजुकेशन के तहत स्कूलों में पारदर्शी तरीके से प्रवेश के लिए निर्देश दिए। क्षय रोग उन्मूलन के संबंध में आमजनों को जागरूक किया जाए। गेहूँ क्रय केन्द्रों पर कृषकों को कोई समस्या न आए इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। रामपुर मनिहारान में तहसील निर्माण कार्य में हुई देरी, राजकीय मेडिकल काॅलेज परिसर में 60 बेडेड नर्सिंग काॅलेज के समय से पूर्ण न होने, स्पोर्ट्स काॅलेज बेहट पर समयबद्धता का पालन न करने के कारण जांच करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चैहान ने नोडल अधिकारी को आश्वस्त किया कि उनके दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

एसपी सिटी श्री व्योम बिंदल ने नोडल अधिकारी को जनपद में कानून व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री सुमित राजेश महाजन, नगर आयुक्त श्री शिपू गिरी, डीएफओ श्री शुभम सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री सलिल कुमार पटेल,  मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 प्रवीण कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट श्री कुलदीप सिंह, पीडी डीआरडीए श्री प्रणय कृष्ण सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं कार्यदायी संस्थाओं के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply