शादी के जश्न में अचानक खलल, फेरे लिए बिना थाने पहुंच गए दूल्हे राजा, बखेड़ा देख बराती हैरान

शादी के जश्न में अचानक खलल, फेरे लिए बिना थाने पहुंच गए दूल्हे राजा, बखेड़ा देख बराती हैरान

शामली में थानाभवन क्षेत्र के एक गांव में शादी के जश्न में उस समय खलल पड़ गया, जब मंडप में बैठे दूल्हे के सामने एक महिला अपने परिजनों के साथ जा पहुंची। उसने दूल्हे को न सिर्फ अपना पति बताया, बल्कि दहेज उत्पीड़न के आरोप में कोर्ट में मामला भी विचाराधीन होना बताया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हा व महिला को थाने ले आई। दोनों पक्षों के बीच देर रात तक सुलह कराने का प्रयास किया गया।

मामला थानाभवन क्षेत्र के एक गांव का है। गांव में मंडप सजा हुआ था, शादी की धूम थी। बराती जश्न मना रहे थे। दूल्हा मंडप में बैठा था। तभी अचानक एक महिला और उसके परिजन वहां पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। पहले तो लोग समझे कि शायद कोई विवाद हो गया है, लेकिन जब महिला ने पूरा मामला बताया तो लोग हैरान रह गए।

महिला का कहना था कि वह मेरठ जिले के फलावदा क्षेत्र की रहने वाली है। उसने दावा किया कि दूल्हा बना युवक उसका पति है। उसके साथ उसकी शादी 2012 में हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपी उसे दहेज के लिए परेशान करने लगे थे। इसी से परेशान होकर उसने 2015 में पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया दिया था। मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

महिला के आरोपों के चलते दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। हंगामा देख किसी ने थानाभवन पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगाने लगे। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। देर रात थाने पर महिला आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग पर अड़ी रही।

थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि महिला का आरोप है कि न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन होने के बावजूद उसका पति दूसरी शादी कर रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दूल्हे को थाने में बैठाया हुआ था, हालांकि देर रात दोनों पक्षों के लोग मामले को सुलझाने में लगे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि सुलह नहीं होती और तहरीर मिलती है तो मामला दर्ज किया जाएगा।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे