CM सम्राट चौधरी का नाम लेकर तेज प्रताप यादव ने दिया बड़ा बयान, ‘हमने लगातार कहा है कि…’
बिहार की एनडीए सरकार नौकरी और रोजगार का वादा करती रही है. चुनाव से पहले भी बड़े-बड़े वादे किए गए थे. अब बिहार में नीतीश कुमार के बाद सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने हैं तो जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने बड़ा बयान दिया है.
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर तेज प्रताप यादव ने कहा, “बेरोजगारी के क्षेत्र में वो अच्छा काम कर रहे हैं और उन्होंने नौकरी देने की बात की है, चर्चा की है, तो केवल बात ही नहीं, पोस्टर पर नहीं, उसे धरातल पर उतारना चाहिए. लोगों को रोजगार मिलना चाहिए.”
‘रोजगार मिल जाएगा तो कमाएंगे-खाएंगे’
तेज प्रताप यादव ने आगे कहा, “हमने तो लगातार कहा है कि युवाओं के लिए रोजगार होना चाहिए. जिस तरह से लोग बिहार में पलायन कर रहे हैं जो युवा पीढ़ी बाहर जा रही है और नशे का शिकार हो रही है, इन सब चीजों से बचने के लिए अगर उन्हें रोजगार मिल जाएगा तो उन्हें एक आधार मिल जाएगा तो वो कमाएंगे-खाएंगे… तो ये अच्छी बात है कि उन्हें रोजगार मिलना चाहिए. युवाओं को, महिलाओं को, सभी को…”
राहुल गांधी पर भी तेज प्रताप ने किया हमला
दूसरी ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तेज प्रताप यादव ने हमला किया. एक सवाल पर उन्होंने कहा, “राहुल गांधी को भी कुर्सी का लालच धीरे-धीरे हो रहा है… खुद लालची होते जा रहे हैं. उनको खुद बिहार की गद्दी पर बैठने का मन कर रहा है जबकि वो दूसरे राज्य के हैं. बिना हेलमेट पहने दूसरे व्यक्ति की बुलेट गाड़ी चलाई… फिर कहां फेंक दिए… इनका यही सब काम है. गाना बजवा रहे थे डीजे पर… यही सब शौक है…”
