आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, आदेश किया रद्द
बिहार के पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की भीड़ द्वारा हत्या के मामले में दोषी आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई को चुनौती देने वाली याचिका पर फैसला सुनाते हुए बिहार सरकार के 2023 के संशोधन को असंवैधानिक घोषित कर दिया है।
दोबारा जेल जाने का आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर कर दोबारा जेल जाने का आदेश दिया है। गौरतलब है कि 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की भीड़ द्वारा हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।
अप्रैल 2023 में जेल से हुई थी रिहाई
बिहार सरकार ने जेल नियमों में संशोधन कर आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई का रास्ता साफ किया था। इसके बाद उन्हें अप्रैल 2023 में जेल से रिहा कर दिया गया था। जी. कृष्णैया की पत्नी उमा देवी कृष्णैया ने आनंद मोहन की रिहाई को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उन्होंने अदालत से उनकी रिहाई रद्द कर उन्हें दोबारा जेल भेजने की मांग की थी।
वहीं, आनंद मोहन और बिहार सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर कहा था कि जेल से उसकी रिहाई का फैसला मनमाना नहीं कहा जा सकता। अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करना होगा।
क्या है पूरा मामला?
इससे पहले, सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। दरअसल, आनंद मोहन को वर्ष 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। इस मामले में निचली अदालत ने 5 अक्टूबर 2007 को उन्हें फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि, 10 दिसंबर 2008 को पटना हाई कोर्ट ने उनकी सजा को उम्रकैद में बदल दिया था। जुलाई 2012 में सुप्रीम कोर्ट ने भी हाई कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा था। आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को जी. कृष्णैया की पत्नी उमा देवी कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। याचिका में बिहार सरकार के उस फैसले पर सवाल उठाए गए थे, जिसके तहत जेल नियमों में संशोधन कर आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता साफ किया गया था।
इस मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने ड्यूटी पर तैनात एक लोकसेवक की हत्या को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे। अदालत ने पूछा था कि आखिर एक लोकसेवक की हत्या का मामला दुर्लभतम मामलों की श्रेणी में क्यों नहीं माना गया याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने दलील दी थी कि आनंद मोहन को कई बार पैरोल दी गई थी और सजा माफी बोर्ड ने समयपूर्व रिहाई पर फैसला लेते समय सभी प्रासंगिक तथ्यों पर विचार नहीं किया था।
वहीं, बिहार सरकार की ओर से दलील दी गई थी कि आनंद मोहन 14 साल से अधिक की वास्तविक सजा काट चुके हैं। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने पैरोल और आनंद मोहन के खिलाफ लंबित मामलों से जुड़ी जानकारी भी मांगी थी। सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। अब अदालत ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है।
