‘हमने इमरान मसूद की सीट नहीं छीनी’, इकरा हसन के समर्थन में उतरी सपा
यूपी में सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर खींचतान के बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर सपा सांसद इकरा हसन की टिप्पणी का समाजवादी पार्टी ने समर्थन किया है. सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा कि इकरा हसन एकदम सही कह रही है. मेरी व्यक्तिगत चिंताएं इतनी अहम नहीं हो सकती कि वो जनता के दुखों से बड़ी हो जाएगा.
सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने इकरा हसन के बयान पर कहा कि “मेरी अपनी व्यक्तिगत शिकायतें या चिंताएं इतनी महत्वपूर्ण नहीं हैं कि वे जनता के दुखों से बड़ी हों. उससे बड़ा हो जाए. वहीं बात उन्होंने (इकरा हसन) इमरान मसूद से भी कही है कि त्याग करना पड़ेगा और इमरान मसूद की कोई सीट नहीं छिन रही है. या वो अपने परिवार को अगर आगे बढ़ाना चाहते हैं तो ये गठबंधन उनके परिवार के लिए नहीं है.
सपा प्रवक्ता ने कहा कि समाजवादी पार्टी समझती है कि दोनों दलों के नेताओं को गठबंधन पर अपनी वाणी और अपनी भाषा पर संयम रखना चाहिए.
इमरान मसूद ने सपा पर साधा निशाना
दरअसल सपा ने कांग्रेस पार्टी को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है. इसके अलावा मंगलवार को उन्होंने पश्चिमी यूपी में पाँच उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी कर दी. जिनमें एक सीट ऐसी हैं जहां इमरान मसूद अपने उम्मीदवार को चुनाव लड़ाना चाहते थे. सपा के इस कदम के बाद इमरान मसूद काफी नाराज दिखे और सपा पर गठबंधन धर्म का पालन नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हम भीख नहीं माँग रहे.
इकरा हसन ने दिया कांग्रेस सांसद को जवाब
इमरान मसूद के इस बयान पर इकरा हसन ने कहा कि उन्हें तरह के शब्दों का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए. हम गठबंधन में बातचीत कर रहे हैं. हमारी ओर से पहले भी इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया गया है और न ही हम ऐसा करेंगे. मेरी उनसे अपील है कि वह इस तरह की बयानबाजी न करें. इससे गठबंधन पर असर पड़ता है, जो हम नहीं चाहते.
इकरा हसन ने दावा किया कि हमारी पार्टी ने जिन सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान किया है, वहां हमारे मौजूदा विधायक हैं. हम पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि मौजूदा विधायकों वाली सीटों पर कोई चर्चा नहीं होगी और हमने उन्हीं सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं.
