मुफ्त योजनाओं पर खर्च में UP 9वें नंबर पर, प्रति व्यक्ति खर्च ₹1,188

मुफ्त योजनाओं पर खर्च में UP 9वें नंबर पर, प्रति व्यक्ति खर्च ₹1,188

मुफ्त सुविधाओं और नकद सहायता देने के मामले में उत्तर प्रदेश देश के बड़े राज्यों की तुलना में काफी पीछे है. सबसे अधिक आबादी और करीब 9.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट रखने वाला यूपी मुफ्त योजनाओं पर प्रति व्यक्ति खर्च के मामले में देश के औसत से भी काफी नीचे है. एक तुलनात्मक आकलन के मुताबिक, प्रदेश में मुफ्त सुविधाओं और नकद सहायता पर प्रति व्यक्ति महज 1188 रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि 29 राज्यों का राष्ट्रीय औसत 4805 रुपये है. कुल खर्च के लिहाज से उत्तर प्रदेश देश में नौवें स्थान पर है.

भारत राज्य डॉट कॉम के ‘स्टेट वर्सेज स्टेट : द फ्रीबी मीटर’ के आकलन के अनुसार, उत्तर प्रदेश में मुफ्त सुविधाओं और नकद सहायता पर कुल 28,456 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं. वहीं, महाराष्ट्र इस सूची में 82,604 करोड़ रुपये के खर्च के साथ पहले स्थान पर है. कर्नाटक 77,321 करोड़ रुपये के साथ दूसरे और मध्य प्रदेश 67,571 करोड़ रुपये खर्च कर तीसरे स्थान पर है. तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल भी इस मामले में यूपी से आगे हैं.

आंकड़ों के मुताबिक, तमिलनाडु में 67,026 करोड़, पश्चिम बंगाल में 57,464 करोड़ और राजस्थान में 35,042 करोड़ रुपये मुफ्त सुविधाओं और नकद सहायता पर खर्च किए जा रहे हैं. तेलंगाना 33,553 करोड़ और आंध्र प्रदेश 31,262 करोड़ रुपये के खर्च के साथ सातवें और आठवें स्थान पर हैं. यूपी 28,456 करोड़ रुपये के साथ नौवें और बिहार 27,395 करोड़ रुपये के खर्च के साथ दसवें स्थान पर है.

छोटे राज्यों में भी खर्च का अंतर

मुफ्त सुविधाओं पर खर्च के मामले में कई छोटे राज्य भी चर्चा में हैं. गोवा में 5949 करोड़, हिमाचल प्रदेश में 2640 करोड़, मिजोरम में 1524 करोड़ और सिक्किम में 1261 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. हालांकि, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड और मेघालय जैसे कुछ राज्यों का खर्च उत्तर प्रदेश से भी कम है.

बिजली-पानी की रियायतों पर सबसे ज्यादा खर्च

उत्तर प्रदेश में मुफ्त सुविधाओं के कुल खर्च का सबसे बड़ा हिस्सा बिजली और पानी से जुड़ी रियायतों पर है. इन मदों में 19,765 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं. इसमें करीब 88 प्रतिशत हिस्सा ऊर्जा विभाग की बिजली सब्सिडी का है. वहीं, आठ प्रतिशत मुफ्त कृषि बिजली और चार प्रतिशत सिंचाई के पानी पर दी जाने वाली रियायतों पर खर्च होता है.

बिजली और पानी पर सब्सिडी देने के मामले में उत्तर प्रदेश देश में पांचवें स्थान पर है. राजस्थान 32,599 करोड़ रुपये के साथ पहले, कर्नाटक 30,312 करोड़ के साथ दूसरे, मध्य प्रदेश 26,649 करोड़ के साथ तीसरे और महाराष्ट्र 20,197 करोड़ रुपये के साथ चौथे स्थान पर है.

Leave a Reply