‘100, 150 या 200 सीटों की मांग करना असल सवाल नहीं’, सपा सांसद रामजीलाल सुमन का बयान
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने सीटों की मांग और चुनावी घोषणा पत्र को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में केवल 100, 150 या 200 सीटों की मांग करना महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह भी बताना जरूरी है कि संबंधित पार्टी उन सीटों की हकदार क्यों है।
घोषणा पत्र में प्रदेश की समस्याओं को मिलेगी जगह
सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र को लेकर कहा कि इसे जारी करने में अभी जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है। चुनाव से पहले घोषणा पत्र जारी किया जाएगा और उससे पहले इस पर कुछ कहना उचित नहीं होगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में प्रदेश की प्रमुख समस्याओं को शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं की बेबसी और लाचारी, दलितों की समस्याओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों को घोषणा पत्र में जगह मिलेगी। साथ ही इन समस्याओं के समाधान का रास्ता भी बताया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी जो भी वादे करेगी, उन्हें एक समयबद्ध कार्यक्रम के तहत लागू किया जाएगा।
सीटों की मांग का औचित्य भी साबित करना होगा
यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की ओर से सीटों की मांग किए जाने के सवाल पर रामजीलाल सुमन ने कहा कि 100, 150 या 200 सीटें मांगना अपने आप में असल मुद्दा नहीं है। सीटों की मांग करने के साथ यह भी साबित करना चाहिए कि पार्टी उन सीटों की हकदार क्यों है।
उन्होंने कहा कि सीट मांगना गलत नहीं है, लेकिन इस पर फैसला गुण-दोष के आधार पर होना चाहिए। किसी भी गठबंधन में सीटों के बंटवारे के लिए कुछ निश्चित मापदंड और मानक होते हैं।
बीजेपी को हराना गठबंधन का मुख्य लक्ष्य
रामजीलाल सुमन ने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच आपसी समझ होनी चाहिए। दोनों दलों का एकमात्र मकसद बीजेपी को हराना होना चाहिए। इसके लिए छोटी-मोटी बातों को महत्व देने के बजाय बड़े लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि गठबंधन की पूरी कवायद इसी दिशा में होनी चाहिए, ताकि बीजेपी को चुनाव में चुनौती दी जा सके।
