‘हम कबाड़ सीट नहीं लेंगे, यह बिल्कुल कंफर्म है’, सपा-कांग्रेस गठबंधन पर इमरान मसूद का दोटूक बयान
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच आगामी चुनाव को लेकर सीट बंटवारे की चर्चा के बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अपनी पार्टी का रुख साफ कर दिया है। उन्होंने दोटूक कहा कि कांग्रेस ऐसी सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी, जहां जीतने की संभावना नहीं है। पार्टी को यदि कमजोर या ऐसी सीटें दी जाती हैं, जिन्हें वह अपने लिए अनुपयुक्त मानती है, तो कांग्रेस उन्हें स्वीकार नहीं करेगी।
सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर पूछे गए सवाल पर इमरान मसूद ने कहा, “हम कबाड़ सीट नहीं लेंगे। यह बिल्कुल कंफर्म है कि अगर आप हमें कबाड़ सीट दोगे तो हम नहीं लेंगे। आप खुद उन सीटों पर चुनाव लड़ लीजिए, अगर आपको वहां जीतने की क्षमता दिखाई दे रही है। हम क्यों लड़ेंगे? हमें वहीं चुनाव लड़ना है, जहां हम रिजल्ट दे सकें।”
उन्होंने आगे कहा कि अपने संगठन, नेताओं और पार्टी को कांग्रेस से बेहतर कोई नहीं समझ सकता। पार्टी की जीतने की क्षमता तय करने का अधिकार भी कांग्रेस के पास है, किसी दूसरी पार्टी के पास नहीं। उन्होंने कहा कि जिस तरह कांग्रेस अपनी सीटों और चुनावी रणनीति को लेकर फैसला करेगी, उसी तरह दूसरी पार्टियों को भी अपने फैसले लेने का अधिकार है।
इमरान मसूद के इस बयान को सपा-कांग्रेस के बीच संभावित सीट बंटवारे की बातचीत के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
