AAP के स्थापना दिवस पर अरविंद केजरीवाल का बयान, बोले- ‘हमने राजनीति को बदल दिया’
आम आदमी पार्टी (AAP) आज अपना 15वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के नेता कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं। गुरुवार को पार्टी स्थापना दिवस के अवसर पर AAP पंजाब के मोगा में मेगा रैली होने वाली है। इसमें AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान एक मंच पर दिख सकते हैं। साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले होने वाले इस आयोजन पर सभी की नजरें हैं। इस रैली से पहले अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के स्थापना दिवस को लेकर बयान जारी किया है।
हम पर बहुत से सवाल खड़े हुए थे- केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के स्थापना दिवस पर पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा- “आज हमारी पार्टी का स्थापना दिवस है। बहुत कम समय में एक लंबा सफर तय किया है हमने। जब पार्टी बनी थी तो हम पर बहुत से सवाल खड़े हुए थे- क्या हम कुछ कर पाएंगे? ये पार्टी कितने दिन टिकेगी? भला इन लोगों को राजनीति की क्या समझ? लेकिन हम टिके भी रहे और पूरे देश का दिल भी जीता। हमने दिल्ली में सरकार बनाई, पंजाब में सरकार बनाई, जम्मू-कश्मीर से लेकर गोवा-गुजरात तक हमें भारत के लोगों का विश्वास और प्यार मिला।”
हमने राजनीति को बदल दिया- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा- “हमने काम की राजनीति की, शिक्षा और स्वास्थ्य पर बात की। हमें राजनीति बदल नहीं पाई, बल्कि हमने राजनीति को बदल दिया। अभी बहुत कुछ करना है। देश के लिए बहुत काम करना है। हम न डरेंगे न पीछे हटेंगे। आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और हमारे समर्थकों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।”
मोगा में AAP की मेगा रैली
पंजाब के मोगा में आम आदमी पार्टी की मेगा रैली में अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान के साथ राज्य में चुनाव के लिए घोषित सभी 71 उम्मीदवार एक मंच पर नजर आ सकते हैं। पंजाब के सभी 117 हलकों से समर्थक और हल्का इंचार्ज मोगा में जुटेंगे। इस मंच से मान सरकार अपने 5 साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश कर सकती है। बता दें कि मोगा जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भी पार्टी अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। ऐसे में आज रैली के जरिए चुनाव को लेकर बड़े ऐलान हो सकते हैं। AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी कहा है कि रैली को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। ऐसे में मोगा की रैली में हजारों लोगों के इकट्ठा होने की उम्मीद है।
