‘खुलेआम ‘पटक के’ मारने..’, पवन पांडे को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने साधा निशाना
योगी सरकार में मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा नेता उम्मीदवार पवन पांडे के पटककर मारने वाले बयान को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि संविधान की चीख-चीखकर दुहाई देने वाले बताएं कि किसी को पटककर मारा जाए, ये किस संविधान में लिखा है. उन्होंने कहा कि ऐसे उज्जड़ नेता को आपने टिकट भी दे दिया है.
दरअसल एबीपी न्यूज़ के शिखर सम्मेलन कार्यक्रम में सपा नेता और अयोध्या से प्रत्याशी पवन पांडे ने बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी को पटककर मारने की बात कही थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है, सपा नेता के इसी बयान को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर सवाल उठाए हैं.
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
राजभर ने एक्स पर लिखा- ‘अखिलेश यादव जी, आज संविधान दिवस है. आप बीते दो सालों से चीख चीखकर संविधान की दुहाई दे रहे हैं। क्या संविधान में कहीं ये लिखा है कि किसी को पटक के मारा जाये? क्या आप मानते हैं कि आपके लोगों को संविधान ने विशेष अधिकार दिया है कि वो किसी को पटक के मार सकें.
अभी चुनाव आया भी नहीं और आप अपने लोडरों को इतना सिर पर चढ़ा दिये हैं कि ये खुद को ख़ुदा समझने लगे हैं? आपका एक लोडर कह रहा है कि पटक के मारेंगे… और एक तो पटक के मारने भी लगा है.
आप तो पहले एक उज्जड्ड लोडर गुंडे को विधायकी का टिकट दे दिये हैं, जो मीडिया में बैठकर खुलेआम ‘पटक के’ मारने की धमकियां दे रहा है… वहीं प्रतापगढ़ वाले आपके ‘जहीर’ कुर्मियों को पटक के मारने भी लगे हैं, यही नहीं सरेआम स्ट्रेट फायरिंग भी कर रहे हैं. जब अभी ये हाल है तो कहीं गलती से आपकी सरकार बन गई तब तो आप लोग गुंडागर्दी की हद ही पार कर देंगे.
अब सोचना गैर यादव पिछड़ा और बहुजन समाज को है, जो इन सपाई गुंडों के खुलेआम हड़कान-चमकान वाले वीडियो को गौर से देखें और खुद निर्णय कर लें कि सपाई सत्ता में रहने लायक हैं या सत्ता से बाहर? क्योंकि सत्ता में आते ही ये सबसे ज्यादा अत्याचार गैर यादव पिछड़ा और दलितों के साथ ही करते हैं.
बाकि समाज तो समझदार हैं हीं, उसने निर्णय कर लिया है कि आप लोग जैसे गुंडों को दोबारा प्रदेश की सत्ता के आस-पास भी फटकने नहीं देना है. ‘पिटाई, दबंगई और अराजकता’ यही है आपका असली पीडीए. अगर वाक़ई आप संविधान को मानते हैं तो संविधान दिवस पर कसम खाइए कि आप अपने गुंडों को गुंडई करने से रोकने का काम करेंगे.
