संजय राउत और निखिल वागले के खिलाफ अवमानना मामले में SC की सुनवाई, जस्टिस बोले- माफी दिल से आनी चाहिए

संजय राउत और निखिल वागले के खिलाफ अवमानना मामले में SC की सुनवाई, जस्टिस बोले- माफी दिल से आनी चाहिए

नई दिल्ली। शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत और पत्रकार निखिल वागले के खिलाफ दायर अवमानना याचिका पर मंगलवार (17 नवंबर) को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान जस्टिस अरविंद कुमार ने कहा कि माफी दिल से आनी चाहिए। वहीं, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) के अध्यक्ष प्रदीप राय ने संजय राउत के माफीनामे पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका आचरण लगातार अवमानना वाला रहा है।

सुनवाई के दौरान जस्टिस अरविंद कुमार ने संजय राउत से कहा कि वह एक वरिष्ठ नेता हैं और करीब 25 वर्षों से राजनीति में सक्रिय हैं। अदालत ने उनसे उनके आचरण को लेकर जवाब मांगा। इस पर राउत के वकील ने कहा कि वह अदालत में एक और हलफनामा दाखिल करेंगे। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर संजय राउत व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश हुए।

निखिल वागले के वकील ने रखी अपनी दलील

निखिल वागले की ओर से पेश हुईं वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह ने बताया कि उनके मुवक्किल ऑनलाइन माध्यम से सुनवाई में शामिल हुए हैं। उन्होंने विवादित पोस्ट हटाने के साथ सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी है। इसके अलावा, बिना शर्त माफी मांगते हुए हलफनामा भी दाखिल किया गया है। वकील ने अदालत से वागले को मामले से मुक्त करने का अनुरोध किया।

प्रदीप राय ने राउत के माफीनामे पर उठाए सवाल

SCBA अध्यक्ष प्रदीप राय ने अदालत में दलील दी कि संजय राउत ने माफीनामा तो दाखिल किया है, लेकिन उनका आचरण लगातार अवमानना से जुड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले से संबंधित एक अन्य केस हाई कोर्ट में भी लंबित है।

प्रदीप राय के मुताबिक, 16 अक्टूबर को नोटिस जारी किया गया था और राउत ने 26 अक्टूबर को माफीनामा दाखिल किया। हालांकि, इसमें 19 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर अल्बानिया के सुप्रीम कोर्ट को जलाए जाने से जुड़ी तस्वीर पोस्ट करने का उल्लेख नहीं किया गया था। उन्होंने अदालत से ऐसे मामलों को गंभीरता से लेने की अपील की।

राउत की व्यक्तिगत पेशी से छूट की मांग

सुनवाई के दौरान वकीलों ने अगली तारीख पर संजय राउत को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने से छूट देने का अनुरोध किया। इस पर जज ने कहा कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट देखने दीजिए। जस्टिस अरविंद कुमार ने राउत से यह भी पूछा कि क्या वह पहले कभी सुप्रीम कोर्ट आए हैं। इस पर राउत ने जवाब दिया कि वह पहले भी यहां आ चुके हैं।

वहीं, SCBA के उपाध्यक्ष राहुल कौशिक ने निखिल वागले की ओर से X पर किए गए कथित अपमानजनक पोस्ट का मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि वागले को भी व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने के लिए बुलाया जाना चाहिए।

Leave a Reply