मथुरा में भाजपा की बड़ी बैठक के बाद दिल्ली निकलेंगे CM योगी, गृह मंत्री अमित शाह से होगी मुलाकात
उत्तर प्रदेश में साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में बहुत बड़ा मंथन कर रही है। मथुरा में इस वक्त सीएम योगी समेत बीजेपी के 45 दिग्गज नेता जुटे हैं। दोनों डिप्टी सीएम, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री बीएल संतोष, यूपी चुनाव के प्रभारी विनोद तावड़े ये सब इस समय मथुरा में मौजूद हैं। वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मथुरा मंथन में शामिल हो रहे हैं। इस बीच खबर सामने आई है कि सीएम योगी आदित्यनाथ इस बैठक के बाद दिल्ली रवाना होंगे और यहां पर गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे।
अमित शाह से मिल सकते हैं सीएम योगी
खबर है कि सीएम योगी मथुरा मीटिंग के बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगे। सूत्रों के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ आज शाम दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात करेगे। दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और गृह मंत्री अमित शाह से मिलेंगे। फिलहाल योगी अभी मथुरा में हैं जहां 27 के चुनाव की रणनीति पर कल से मंथन हो रहा है। सूत्रों की मानें तो इस बैठक में चुनावी तालमेल, टिकट वितरण, सोशल मीडिया रणनीति, विपक्ष के पीडीए नैरेटिव की काट और सबसे अहम SIR में कटे नामों पर चर्चा हो रही है।
मथुरा में चल रही बीजेपी की इस मीटिंग के पहले दिन सत्ता में वापसी के लिए राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक समीकरण साधने पर चर्चा हुई। बैठक में राजनीतिक एजेंडे में सबसे अहम चुनौती विपक्ष की पीडीए राजनीति की काट तलाशना है। पार्टी का पूरा फोकस अखिलेश यादव के चुनावी एजेंडे को फेल करना है।
बीजेपी के मथुरा मंथन का फोकस क्या?
- परंपरागत वोटबैंक को एकजुट रखना
- पिछड़े और दलितों को जोड़े रखना
- बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता
- पन्ना प्रमुख व्यवस्था को एक्टिव करना
- योजनाओं का लाभार्थियों तक पहुंचना
- सत्ता और संगठन के बीच तालमेल बनाना
केशव मौर्य ने अखिलेश को दी चुनौती
यूपी विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी के चुनाव मंथन का आज दूसरा दिन है। बीजेपी का ये चुनावी चिंतन भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में हो रहा है। इस बार मथुरा में बीजेपी की बैठक के कई मतलब निकाले जा रहे हैं। क्या इस बार बीजेपी मथुरा के मुद्दे पर चुनाव लड़ने जा रही है? क्योंकि केशव प्रसाद मौर्य ने क्या बड़ी बात कही है। केशव मौर्य ने कहा है कि “अयोध्या हुई हमारी है अब मथुरा की बारी है”। केशव मौर्य ने अखिलेश यादव को मथुरा में भव्य कृष्ण मंदिर बनाने के लिए उनके साथ आकर कारसेवा करने की चुनौती भी दी है। यानी मथुरा में बीजेपी की इस मीटिंग का सियासी संदेश क्लीयर है। अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा बीजेपी के एजेंडे पर होगा। केशव प्रसाद मौर्य ने साथ ही मिशन 2027 को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि बीजेपी यूपी में हैट्रिक लगाएगी और अखिलेश के सपने चूर-चूर होंगे।
