‘आज दुनिया को अधिक शांति, स्थिरता और निश्चितता की आवश्यकता है’, 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों फिलीपींस दौरे पर हैं. इस दौरान मंगलवार को पीएम मोदी ने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में भाग लिया. पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में, दुनिया ने एक के बाद एक कई संकटों का सामना किया है. आज, दुनिया को पहले से कहीं अधिक शांति, स्थिरता और निश्चितता की आवश्यकता है.
दरअसल, फिलीपींस के मनीला में 23वां भारत-आसियान शिखर सम्मेलन आयोजित हो रहा है. इसमें पीएम मोदी समेत कई दिग्गज नेता भाग ले रहे हैं. समिट को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में, हमारी ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ ने भारत-आसियान संबंधों को नई गति और गहराई दी है. हमारी साझेदारी अब साझा संस्कृति और विरासत से आगे बढ़कर डिजिटल तकनीक, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में नए आयाम तलाश रही है.
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से, हमने लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की हैं. हमने लगभग 250 ‘क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट्स’ शुरू किए हैं और कौशल विकास के लिए 10,000 से अधिक छात्रवृत्तियां दी हैं. आज, भारत और आसियान देशों के बीच सीधी उड़ानें और बढ़ता पर्यटन, हमारी बढ़ती नजदीकी का प्रमाण हैं.
‘नेविगेटिंग आवर फ्यूचर टुगेदर’ का बताया महत्व
सम्मेलन में पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में, दुनिया ने लगातार कई संकटों का सामना किया है. आज दुनिया को सबसे ज्यादा शांति, स्थिरता और पूर्वानुमान की जरूरत है. इस संदर्भ में, इस वर्ष की थीम ‘नेविगेटिंग आवर फ्यूचर टुगेदर’ (एक साथ मिलकर अपने भविष्य की दिशा तय करना) का विशेष महत्व है.
पीएम मोदी ने कहा कि हमारा मानना है कि भारत का विकास और आसियान की समृद्धि आपस में गहराई से जुड़े हुए हैं। आने वाले वर्षों में, ‘आसियान कम्युनिटी विजन 2045’ और ‘विकसित भारत 2047’ हमारी साझा आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.
साथ राह तय करने का अपील
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में, हमने अपनी साझेदारी को नई गति दी है. अब, हमें मिलकर अपने क्षेत्र के भविष्य के लिए एक नई राह तय करनी होगी. इस साझेदारी के भीतर आसियान की एकता और केंद्रीयता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता अटूट है, और हमेशा बनी रहेगी. मुझे विश्वास है कि आज की बैठक हमारी ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी और एक सुरक्षित, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में योगदान देगी.
