सोनिया गांधी की किताब लॉन्च पर राहुल गांधी के बयान से सियासी विवाद, BJP ने साधा निशाना

सोनिया गांधी की किताब लॉन्च पर राहुल गांधी के बयान से सियासी विवाद, BJP ने साधा निशाना

नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता सोनिया गांधी और राजीव गांधी के रिश्ते से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। राहुल ने अपने बचपन की यादें बताते हुए कहा कि खाने के समय उनके पिता राजीव गांधी अक्सर घर पर होते थे और उनकी मां सोनिया गांधी उनकी गोद में बैठा करती थीं। उन्हें बचपन में यह बिल्कुल सामान्य लगता था।

राहुल गांधी के इस बयान पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि राहुल गांधी अपनी मां को उनके जीवन के इस खास दिन पर भी शर्मिंदगी से नहीं बचा सके। उन्होंने आगे कहा कि देश यह बात बहुत पहले समझ चुका है और उम्मीद है कि अब सोनिया गांधी भी इसे समझेंगी। राहुल पर तंज कसते हुए हिमंत ने कहा कि यह प्रोडक्ट अब लॉन्च और री-लॉन्च से भी आगे निकल चुका है।

राहुल गांधी ने साझा की माता-पिता के रिश्ते की यादें

सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के अवसर पर राहुल गांधी ने बताया कि दोपहर और रात के खाने के दौरान उनके पिता राजीव गांधी अक्सर घर पर मौजूद रहते थे। उस समय सोनिया गांधी उनकी गोद में बैठी रहती थीं। राहुल के मुताबिक, माता-पिता के बीच ऐसा होना उनके लिए रोजमर्रा की बात थी।

उन्होंने बताया कि बचपन में उन्हें लगता था कि सभी माता-पिता इसी तरह एक-दूसरे के करीब रहते होंगे। हालांकि, जब वह अपने दोस्तों के घर जाते थे, तो वहां उन्हें ऐसा देखने को नहीं मिलता था। इस पर वह अपने दोस्तों से पूछते थे कि उनकी मां उनके पिता की गोद में क्यों नहीं बैठती हैं।

माता-पिता को सिर्फ एक बार लड़ते देखा: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के आपसी संबंधों का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने सोनिया और राजीव गांधी को कई बार बहस करते देखा था, लेकिन दोनों को आपस में लड़ते हुए केवल एक बार देखा।

उन्होंने कहा कि बचपन में यह एक ऐसी घटना थी, जब उन्होंने पहली और आखिरी बार अपने माता-पिता को लड़ते हुए देखा था। इस किस्से के दौरान राहुल गांधी ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का भी जिक्र किया। गौरतलब है कि सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में कैप्टन अमरिंदर सिंह भी मौजूद थे। राहुल ने उनके संदर्भ में माता-पिता के बीच हुई उस इकलौती लड़ाई का किस्सा साझा किया।

Leave a Reply