सुरक्षित कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सहारनपुर पुलिस प्रशासन सतर्क

सुरक्षित कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सहारनपुर पुलिस प्रशासन सतर्क
सहारनपुर में ड्रोन कैमरे से कांवड़ यात्रा मार्ग का लिया गया फोटो।

सहारनपुर। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद सहारनपुर पुलिस द्वारा अत्याधुनिक ड्रोन सर्विलांस के माध्यम से कांवड़ मार्गों पर लगातार निगरानी की जा रही है। थाना सरसावा क्षेत्रान्तर्गत अम्बाला रोड, सरसावा कट, हरियाणा बोर्डर पर कांवड़ मार्ग पर ड्रोन कैमरों से संपूर्ण मार्ग की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। मार्ग पर आने-जाने वाले व्यक्तियों, वाहनों तथा प्रत्येक गतिविधि पर सतत नजर रखी जा रही है, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अव्यवस्था अथवा आपात स्थिति में तत्काल पुलिस बल को अलर्ट कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। सहारनपुर पुलिस आधुनिक तकनीक एवं प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संपन्न कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर कांवड़ यात्रा-2026 के लिए विद्युत विभाग द्वारा की जा रही है निर्बाध विद्युत आपूर्ति

जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चैहान के निर्देशानुसार जनपद सहारनपुर में कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शिवभक्तों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने तथा विद्युत दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा कांवड़ मार्गों पर व्यापक स्तर पर सुरक्षा एवं विद्युत व्यवस्था के कार्य कराए गए हैं। विभाग द्वारा कांवड़ मार्गों पर विद्युत पोलों की सुरक्षा, विद्युत लाइनों की निगरानी, ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक विद्युत सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए गए हैं। विद्युत विभाग द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के समस्त कांवड़ मार्गों पर 3,829 विद्युत पोलों पर पोल रैपिंग का कार्य कराया गया है। इसके अतिरिक्त 327 विद्युत पोलों पर, जो अति महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों, यथा मंदिरों के पास स्थित हैं, पीवीसी पाइप द्वारा रैपिंग कराई गई है।

विद्युत परिवर्तकों की सुरक्षा के लिए 518 ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग का कार्य कराया गया है। विद्युत लाइनों को सुरक्षित रखने के लिए 576 स्थानों पर लाइन सेगिंग (ढीले तारों को टाइट करने) का कार्य कराया गया, जबकि 182 स्थानों पर लाइन गार्डिंग कराई गई है। साथ ही 130 टूटे/तिरछे विद्युत पोलों को सही कराया गया तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 668 जम्परों को टाइट कराने का कार्य भी कराया गया है। कांवड़ शिविरों में विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए 12 कांवड़ शिविरों में आवेदन प्राप्त होने पर अस्थायी विद्युत संयोजन निर्गत किए गए हैं। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी विद्युत दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए 308 विद्युत कर्मचारियों की कांवड़ मार्गों पर तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चैहान के निर्देशन में विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता विद्युत नगरीय वितरण मंडल, सहारनपुर एवं अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल-प्रथमध्द्वितीय, सहारनपुर के नेतृत्व में कांवड़ मार्गों पर विद्युत पोलों की रैपिंग, परिवर्तकों की बैरिकेडिंग, लाइन सेगिंग, लाइन गार्डिंग, टूटे पोलों को सही कराने एवं जम्पर टाइट कराने सहित श्रद्धालुओं को लगाए गए कांवड़ शिविरों को अस्थायी विद्युत संयोजन तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाओं का प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित किया गया है। विद्युत विभाग द्वारा कांवड़ मार्गों पर विद्युत लाइनों की सतत पेट्रोलिंग एवं लगातार निगरानी की जा रही है। विद्युत व्यवस्था से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा आकस्मिक स्थिति के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना मुख्य अभियंता, कार्यालय घंटाघर परिसर, सहारनपुर में की गई है।

कंट्रोल रूम के माध्यम से विद्युत आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चैहान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कांवड़ यात्रा की अवधि तक विद्युत व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा शिकायत प्राप्त होने पर उसका त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जाए ताकि जनपद सहारनपुर से होकर गुजरने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो तथा कांवड़ यात्रा सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Reply