रिजिजू का तंज या तारीफ? महिला आरक्षण पर राहुल के लिए ऐसा क्या बोले?
लोकसभा सांसद और नेता विपक्ष राहुल गांधी के एक वीडियो को लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने उनकी जमकर तारीफ की. राहुल गांधी एक वीडियो में खड़े होकर महिलाओं के हक की बात करते नजर आ रहे हैं. राहुल गांधी के एक्स पर पोस्ट किए गए वीडियो को री-पोस्ट करते हुए किरेन रिजिजू ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की ओर से एक सकारात्मक संदेश लगता है.
केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने कांग्रेस नेता की तारीफ करते हुए कहा कि महिलाओं के प्रति राहुल गांधी जी की सोच में स्पष्ट बदलाव दिख रहा है. अब मुझे उम्मीद है कि कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण विधेयक का बिना किसी शर्त के समर्थन करेगी. कांग्रेस की तरफ से शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी का एक वीडियो शेयर किया गया, जिसमें वो खड़े होकर महिलाओं के हक और उनकी आजादी को लेकर बात करते दिख रहे हैं.
राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा, “भारत की महिलाओं की एनर्जी दबी हुई है और उन्हें खुद को जाहिर करने या कल्पना करने की आजादी नहीं है.” राहुल गांधी ने आगे कहा कि मेरे हिसाब से, कोई भी देश तब तक सफल नहीं हो सकता जब तक वहां की महिलाएं खुद को पूरी तरह से जाहिर न कर पाएं. कांग्रेस सांसद ने कहा कि और मुझे लगता है कि मेरी राजनीति का एक बड़ा हिस्सा और इस देश में राजनीति कैसी होनी चाहिए, उसका भी एक बड़ा हिस्सा इसी बात पर केंद्रित है कि लोगों को यह समझाया जाए कि महिलाओं की अभिव्यक्ति के बिना हमारा देश अधूरा और अविकसित है.
