स्लीपर बस में 17 साल की लड़की से गैंगरेप पर राहुल गांधी का हमला, पूछा- ‘दिल्ली पुलिस और यूपी पुलिस की जवाबदेही तय होगी?’

स्लीपर बस में 17 साल की लड़की से गैंगरेप पर राहुल गांधी का हमला, पूछा- ‘दिल्ली पुलिस और यूपी पुलिस की जवाबदेही तय होगी?’

नई दिल्ली: ग्रेटर नोएडा से दिल्ली आ रही स्लीपर बस में 17 वर्षीय लड़की के साथ कथित गैंगरेप की घटना को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के साथ-साथ दिल्ली और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बस में स्लीपर सीटों पर पर्दे लगे होने के बावजूद उसे रास्ते में किसी भी चेकपॉइंट पर नहीं रोका गया। उन्होंने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2012 के निर्भया कांड के इतने वर्षों बाद भी महिलाओं की सुरक्षा के लिए किए गए दावों की हकीकत सामने आ रही है।

राहुल गांधी बोले- 47 किलोमीटर तक लड़की के साथ हुई दरिंदगी

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली-NCR महिलाओं के लिए बेहद असुरक्षित हो गया है। उन्होंने दावा किया कि ग्रेटर नोएडा से दिल्ली आ रही स्लीपर बस में एक नाबालिग लड़की के साथ करीब 47 किलोमीटर तक गैंगरेप हुआ और दिल्ली पुलिस तथा नोएडा पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।

उन्होंने कहा कि बस नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, दिल्ली की रिंग रोड और बॉर्डर से होकर गुजरी, लेकिन किसी भी चेकपॉइंट पर बस की जांच नहीं की गई।

‘बस की सीटों पर लगे पर्दे ने छिपा दिया अपराध’

राहुल गांधी ने कहा कि बस की स्लीपर सीटों पर पर्दे लगे थे, जिससे अंदर क्या हो रहा है, यह बाहर से दिखाई नहीं दे रहा था। उन्होंने सवाल उठाया कि निर्भया कांड के बाद महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए नियमों का पालन आखिर क्यों नहीं हो रहा है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ये पर्दे सिर्फ बस की सीटों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सरकार और प्रशासन की कथित नाकामियों पर पड़े पर्दों का प्रतीक हैं। राहुल गांधी ने कहा कि लगातार ऐसी घटनाओं के बावजूद महिलाएं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सुरक्षित सफर नहीं कर पा रही हैं।

अमित शाह और योगी आदित्यनाथ से पूछी जवाबदेही

राहुल गांधी ने अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए पूछा कि व्यवस्था को ठीक करने से पहले आखिर कितनी महिलाओं और लड़कियों को इस तरह की घटनाओं का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने सवाल किया कि क्या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अधीन आने वाली दिल्ली पुलिस या उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अधीन यूपी पुलिस की जवाबदेही तय होगी? राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ऐसे मामलों में भी अंततः कार्रवाई के बजाय मामले पर पर्दा डालने की कोशिश की जाती है।

4 अगस्त की रात बस में घटना का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 17 वर्षीय लड़की ने आरोप लगाया है कि 4 अगस्त की रात उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से नोएडा जाते समय बस के अंदर उसके साथ गैंगरेप किया गया। मामले में दिल्ली पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार किया है।

नॉर्थ दिल्ली की DCP निहारिका भट्ट के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि लड़की मैनपुरी से नोएडा के सेक्टर-63 में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार के घर जा रही थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह ग्रेटर नोएडा के परी चौक के पास बस से उतर गई थी।

परी चौक और सेक्टर-63 के बीच हुई घटना

पुलिस के अनुसार, लड़की को बाद में दिल्ली में कश्मीरी गेट के पास उतार दिया गया। इसके बाद वह कश्मीरी गेट ISBT पुलिस स्टेशन पहुंची।

पुलिस ने बताया कि कथित घटना ग्रेटर नोएडा के परी चौक और नोएडा के सेक्टर-63 के बीच बस के सफर के दौरान हुई। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply