राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक BJP में शामिल, AAP ने की राज्यसभा सदस्यता रद्द करने की मांग

राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक BJP में शामिल, AAP ने की राज्यसभा सदस्यता रद्द करने की मांग

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी में बहुत बड़ी बगावत हो गई है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने दावा किया कि उनके साथ AAP के 7 सांसद हैं। उन सभी ने पार्टी को छोड़ दिया है। जब राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की तो उनके साथ मंच पर 2 अन्य सांसद- संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी नजर आए। इसके बाद, राघव चड्ढा अन्य दो सांसदों के साथ BJP मुख्यालय पहुंचे और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। फिर, इन तीनों सांसदों ने BJP की सदस्यता ग्रहण की। हालांकि, AAP ने BJP में जाने वाले इन सांसदों की सदस्यता रद्द करने की मांग की है।

AAP के 7 सांसदों ने विलय के लिए किए हस्ताक्षर- राघव चड्ढा

राघव चड्ढा ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘आज भारत के संविधान के प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए, राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई से ज्यादा सांसदों ने BJP में विलय कर लिया है। सात सांसदों ने उस दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसे राज्यसभा के माननीय अध्यक्ष को सौंपा गया था। मैंने, दो अन्य सांसदों के साथ, व्यक्तिगत रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेज सौंपे हैं।’

मैंने अपना खून-पसीना दिया लेकिन AAP सिद्धांतों से भटकी- राघव

राघव चड्ढा ने कहा, ‘जिस आम आदमी पार्टी को मैंने अपने खून-पसीने से सींचा और अपनी जवानी के 15 साल दिए, वह अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल सिद्धांतों से भटक गई है। अब यह पार्टी राष्ट्रहित में नहीं, बल्कि अपने निजी फायदे के लिए काम कर रही है। पिछले कुछ साल से मुझे ऐसा लग रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही आदमी हूं। इसलिए, आज मैं घोषणा करता हूं कि मैं आम आदमी पार्टी से अलग हो रहा हूं और जनता के करीब आ रहा हूं।’

संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए BJP में विलय

संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, सांसद राघव चड्ढा ने कहा था, ‘हमने फैसला किया है कि हम, राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सदस्य, भारत के संविधान के प्रावधानों का प्रयोग करते हुए BJP में विलय कर लेंगे।’

हरभजन सिंह समेत 4 अन्य सांसद भी राघव चड्ढा के साथ

राघव चड्ढा ने दावा किया कि दो-तिहाई से ज्यादा सांसद उनके साथ हैं। हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रमजीत सिंह साहनी और स्वाति मालीवाल भी उनके समर्थन में हैं। वहीं, संदीप पाठक ने कहा कि मैंने कभी खुद को आगे नहीं किया। हमेशा आम आदमी पार्टी को आगे किया। अरविंद केजरीवाल को आगे रखा। देश में लाखों पार्टी कार्यकर्ता हैं जो आम आदमी पार्टी को आगे रखते हैं। लेकिन पार्टी अपने सिद्धांतों से भटक गई।

Leave a Reply