CM योगी के श्रीकृष्ण जन्मभूमि बयान पर सियासत तेज, AIMIM ने पूछा- एनकाउंटर पर क्यों नहीं बोलते?
उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। हाथरस में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद का जिक्र करते हुए बड़ा राजनीतिक बयान दिया, जिसके बाद ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने उन पर और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।
AIMIM के पूर्वांचल अध्यक्ष इसरार अहमद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और समाजवादी पार्टी (सपा) का राजनीतिक एजेंडा एक जैसा दिखाई देता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उत्तर प्रदेश की राजनीति में अब केवल धार्मिक मुद्दे ही बचे हैं और जनता से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा नहीं होनी चाहिए।
’17 हजार एनकाउंटर पर क्यों नहीं बोलते मुख्यमंत्री?’
AIMIM के प्रवक्ता शादाब चौहान ने भी मुख्यमंत्री योगी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री राम मंदिर और श्रीकृष्ण जन्मभूमि जैसे मुद्दों पर तो बात करते हैं, लेकिन राज्य में हुए हजारों एनकाउंटरों के मुद्दे पर चर्चा क्यों नहीं करते। उन्होंने कहा कि सरकार को कानून-व्यवस्था और जनहित से जुड़े विषयों पर भी जवाब देना चाहिए।
‘मुख्यमंत्री राजधर्म का पालन करें’
शादाब चौहान ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने संविधान की शपथ ली है और उन्हें राजधर्म का पालन करते हुए शासन चलाना चाहिए। उनका आरोप था कि धार्मिक मुद्दों को प्रमुखता देकर मूल समस्याओं से ध्यान हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर क्या बोले थे सीएम योगी?
दरअसल, हाथरस में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि जिस प्रकार श्रीराम जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन चलाया गया था, उसी तरह श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए भी अभियान चलाया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद एक बार फिर श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है।
