‘पॉलिटिकल टेररिज्म…’, PM मोदी पर खरगे की विवादित टिप्पणी को संजय राउत ने दिया नया नाम

मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कथित तौर पर “आतंकवादी” कहे जाने वाले विवादित बयान पर सियासत गरमा गई है. इस बीच शिवसेना उद्धव गुट के सांसद संजय राउत की प्रतिक्रिया आई है. संजय राउत ने कहा कि ऐसा नहीं कहा है. पीएम मोदी सबको डराते हैं. ईडी, सीबीआई और पुलिस का भय दिखाकर वह सबको डराते हैं.

संजय राउत ने कहा कि जो कोई डराता है वह दहशत पैदा करता है. महाराष्ट्र में डराया. पश्चिमी बंगाल में डरा रहे हैं न. उन्होंने आगे कहा कि ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट उनके डराने के हथियार और मिसाइल हैं. इनके माध्यम से पीएम मोदी देश को डराते हैं.

संजय राउत ने पीएम मोदी पर बोला हमला

संजय राउत ने आगे कहा कि वह दहशत फैलाते हैं. फिर चुनाव लड़ते हैं और जीत जाते हैं. मल्लिकार्जुन खरगे को भी यह कहना है. इस पर पीएम मोदी को कहना चाहिए कि यह झूठ है या सच. उन्होंने कहा कि अभी भी पीएम मोदी डरा रहे हैं. महिला आरक्षण संशोधन विधेयक मंजूर न होने के बाद भी महिलाओं के नाम पर डरा रहे हैं.

संजय राउत ने कहा कि आप कौन होते हो. हम देख लेंगे. हमको क्यों धमकियां दे रहे हो. उन्होंने कहा कि पीएम कहते हैं तुमको इसका परिणाम भुगतना होगा. तो यह डराने की जो भाषा है उसे दूसरे शब्द में आतंकवाद कहा जाता है. यह पॉलिटिकल टेररिज्म कहलाता है.

टैक्सी ऑटो में मराठी भाषा अनिवार्य होने पर क्या बोले?

संजय राउत से टैक्सी, ऑटो के लिए मराठी भाषा अनिवार्य करने को लेकर सवाल किया गया. इस पर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में अनिवार्य नहीं की है न, तमिलनाडू में नहीं की है, उत्तर प्रदेश या बिहार में भी नहीं की. मराठी को महाराष्ट्र में अगर सरकार अनिवार्य कर रही है और उसके खिलाफ कोई विद्रोह कर रहा है तो यह ठीक नहीं है.

उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडू, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों ने अपनी राज्य भाषा को अनिवार्य किया है. हम उनका स्वागत करेंगे वहां पर हैं. उन्होंने आगे कहा कि अपने राज्य में हमारी भाषा आनी चाहिए. आप यहां काम करते हो, पैसा कमाते हो और रोजगार के लिए यहां आए हो तो लोकल भाषा आपको आनी चाहिए.

संजय राउत ने पहलगाम हमले को लेकर क्या कहा?

संजय राउत ने पहलगाम हमले की बरसी पर कहा कि इस हादसे को एक साल हो गया है. इसमें हमारे हिंदू पर्यटक मारे गए. इस पर पीएम मोदी, अमित शाह और विदेश मंत्री ने क्या किया? इन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर राजनीति की और ट्रंप का पीछे हटने के लिए फोन आया तो वह पीछे हट गए.

संजय राउत ने सवाल पूछा कि जिन 26 लोगों की उन आतंकवादियों ने हत्या की थी वह कहां हैं. उन्होंने बताया कि वह तो पाकिस्तान में हैं और वहां पर ट्रंप जा रहे हैं. पीएम मोदी ने ट्रंप के डर से ऑपरेशन सिंदूर रुकवा दिया.


Leave a Reply