सूरत और दमन को विकास की बड़ी सौगात, पीएम मोदी करेंगे ₹22,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

सूरत और दमन को विकास की बड़ी सौगात, पीएम मोदी करेंगे ₹22,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

नई दिल्ली/सूरत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गुजरात के सूरत और केंद्र शासित प्रदेश दमन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे करीब 22,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना, कनेक्टिविटी बढ़ाना और रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।

दौरे से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि वह सूरत और दमन में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे, जहां 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का मकसद लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना और क्षेत्र के समग्र विकास को गति देना है।

प्रधानमंत्री सूरत में लगभग 18,800 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसके साथ ही वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के पैकेज-6 और पैकेज-7 का उद्घाटन भी किया जाएगा, जिससे गुजरात और महाराष्ट्र के बीच परिवहन, व्यापार और लॉजिस्टिक्स को नई मजबूती मिलेगी।

सूरत में प्रधानमंत्री 200 बेड वाले अत्याधुनिक ईएसआईसी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। वहीं दमन में नमो एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन और नमो अस्पताल का लोकार्पण किया जाएगा। इन परियोजनाओं से स्वास्थ्य सेवाओं और हवाई संपर्क को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री सूरत जिले के हजीरा क्षेत्र का भी दौरा करेंगे और वहां चल रही प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। दमन में वे दमन कन्वेंशन सेंटर और राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) परिसर समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

दमन में लगभग 2,970 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की जाएगी। इन योजनाओं का उद्देश्य आधुनिक सुविधाओं का विकास, पर्यटन को प्रोत्साहन, निवेश आकर्षित करना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री डिजिटल माध्यम से केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप के लिए लगभग 885 करोड़ रुपये की चार अहम परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें कल्पेनी और कदमत द्वीप के पूर्वी एवं पश्चिमी तटों पर बंदरगाह सुविधाओं के विकास से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं, जो द्वीपों की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा देंगी।

प्रधानमंत्री का यह दौरा पश्चिम भारत के विकास को नई गति देने और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply