दिल्ली के मुकुंदपुर में सिलिंडर विस्फोट के बाद ढही इमारत, मलबे में दबे लोगों को निकालने का अभियान जारी

दिल्ली के मुकुंदपुर में सिलिंडर विस्फोट के बाद ढही इमारत, मलबे में दबे लोगों को निकालने का अभियान जारी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के बाहरी क्षेत्र स्थित मुकुंदपुर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। भलस्वा डेरी थाना क्षेत्र के ईशू विहार की गली नंबर-1 में कथित तौर पर गैस सिलिंडर विस्फोट के बाद एक बहुमंजिला इमारत अचानक ढह गई। धमाका इतना तेज था कि कुछ ही क्षणों में पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब साढ़े नौ बजे जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया और पुलिस तथा दमकल विभाग को सूचना दी गई।

तीन लोगों को सुरक्षित निकाला गया

पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, अब तक तीन लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं एक व्यक्ति के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है, जिसकी तलाश के लिए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी है।

हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायलों को स्थानीय लोगों और पीसीआर कर्मियों की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि चार से पांच लोगों को चोटें आई हैं।

सिलिंडर विस्फोट की आशंका

प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे गैस सिलिंडर विस्फोट को संभावित कारण माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 9:37 बजे इमारत गिरने और लोगों के फंसे होने की सूचना दमकल विभाग को प्राप्त हुई थी।

मौके पर दमकल विभाग की पांच गाड़ियां तैनात की गई हैं, जो पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर राहत कार्य में जुटी हुई हैं।

मलबे से कई सिलिंडर मिलने की सूचना

राहत अभियान के दौरान मलबे से कई गैस सिलिंडर बरामद होने की जानकारी भी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल से आधा दर्जन के करीब सिलिंडर मिले हैं। हालांकि, विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि मलबे को हटाने और फंसे हुए लोगों की तलाश का कार्य लगातार जारी है। बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही नुकसान और हताहतों की सही तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply