उम्मीदवारों की लिस्ट पर सपा-कांग्रेस में तू-तू मैं-मैं! इमरान मसूद बोले- ‘तय करेंगे साथ में बैठना भी है या नहीं’, ST हसन ने दिया जवाब
उत्तर प्रदेश चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत चल रही है, लेकिन इसी बीच समाजवादी पार्टी की तरफ से उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी किए जाने पर यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने नाराजगी जताई है। समाजवादी पार्टी के 5 उम्मीदवारों की सूची जारी करने पर, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि यहां जो कुछ भी हो रहा है, उससे लगता है कि इस मामले में गंभीरता की कमी है। गंभीरता की कमी इसलिए है क्योंकि एक तरफ तो आप बातचीत कर रहे हैं और दूसरी तरफ आप घोषणाएं कर रहे हैं। इससे पता चलता है कि इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। बातचीत काफी गंभीरता से चल रही थी, लोग साथ बैठकर गंभीर चर्चा कर रहे थे, लेकिन अचानक ऐसा हो गया।
सपा BJP से लड़ना चाहती है या इमरान मसूद से
इमरान मसूद ने कहा, ‘अब हम अपनी पार्टी के भीतर चर्चा करेंगे कि हमें क्या करना चाहिए, क्या हमें बातचीत के लिए बैठना चाहिए या नहीं क्योंकि इस स्थिति में क्या करना है, इसका फैसला पार्टी ही लेगी। जब आपने मेरे खिलाफ यह घोषणा कर दी है, तो मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप मुझसे लड़ना चाहते हैं, कांग्रेस से लड़ना चाहते हैं या फिर बीजेपी से? यह तो तय होना चाहिए न कि आप बीजेपी से लड़ना चाहते हैं या हमसे? ऐसे में, मैं इस पर और क्या कह सकता हूं?’
किसी को भी तीखी टिप्पणी करने का अधिकार नहीं- एसटी हसन
इस पर समाजवादी पार्टी के नेता एसटी हसन ने कहा, ‘न तो मुझे और न ही किसी और को तीखी टिप्पणी करने का अधिकार है। बातचीत चल रही है और यह बहुत अच्छे माहौल में हो रही है। यहां तक कि वरिष्ठ नेताओं ने भी कोई तीखी टिप्पणी नहीं की है- न अखिलेश यादव ने, न राहुल गांधी ने, न प्रियंका गांधी ने और न ही प्रोफेसर साहब ने। आखिरकार, फैसला ये नेता ही लेंगे। सीटों का बंटवारा आपके या मेरे कहने से तय नहीं होगा। वे जानते हैं कि केवल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ही साथ आकर बीजेपी को उखाड़ फेंक सकती हैं। जनता और साथ ही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता भी यही चाहते हैं कि राज्य से बीजेपी सरकार को हर हाल में हटाया जाए और राज्य में एक सकारात्मक माहौल बने।’
रामजी लाल सुमन ने दी मर्यादा में रहने की नसीहत
वहीं, समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने कहा कि सपा ने अगर अपने 5 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया तो इतनी हाय-तौबा मचाने की जरूरत क्या है। यहां से हमारे विधायक ही जीते हुए हैं। क्या हम अपनी सीट पर भी अपने लोगों के नाम का ऐलान नहीं करेंगे। साथ ही, इमरान मसूद के बयान पर राम जी लाल सुमन ने कहा कि कुछ लोगों को मर्यादा में रहना चाहिए। अगर नीचे बात नहीं बनेगी तो फिर अखिलेश यादव और राहुल गांधी आपस में बात करेंगे लेकिन गठबंधन होगा और हम बीजेपी को हराएंगे। उधर, सपा की उम्मीदवारों की लिस्ट पर AIMIM ने भी अखिलेश यादव को घेरा है।
