‘बांग्लादेश पर 16 दिसंबर तक कब्जा कर लेंगे’, हिंदुओं की हत्या पर भड़के बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह
कोलकाता। बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर बढ़े तनाव के बीच पश्चिम बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह ने बड़ा बयान दिया है। मंत्री अर्जुन सिंह ने दावा किया है कि भारत 16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा कर लेगा और पड़ोसी देश में हिंदुओं की हत्याओं का बदला लिया जाएगा।
दरअसल, बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह क यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब शेख हसीना को 16 दिसंबर को बांग्लादेश जाने की खबरें सामने आई है। अवामी लीग ने शेख हसीना को वापस ले जाने के लिए बांग्लादेश सरकार से विमान की मांग की है, जिसको लेकर बांग्लादेश सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि उन्हें केवल एक कैदी की तरह हथकड़ी लगाकर ही वापस लाया जा सकता है।
16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा
मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए अर्जुन सिंह ने कहा, ‘हम 16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा कर लेंगे। अब बहुत हो चुका, बांग्लादेश को लेकर अब और कोई बहाना नहीं चलेगा। बांग्लादेश में जिस तरह से हिंदुओं की हत्या की गई है, हम उसका बदला जरूर लेंगे, इसमें कोई शक नहीं है।’
बांग्लादेश ने क्या कहा?
शेख हसीना के स्वदेश वापस जाने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि हसीना को केवल एक कैदी के रूप में, हाथों में हथकड़ी लगाकर और कड़ी निगरानी में ही वापस आने दिया जाएगा।
हुमायूं कबीर ने उन खबरों को खारिज कर दिया जिनमें कहा जा रहा था कि हसीना 16 दिसंबर को जिस दिन देश में ‘विजय दिवस’ मनाया जाता है, बांग्लादेश लौटना चाहती हैं।
उन्होंने कहा, ‘इच्छा और वास्तविकता दो अलग-अलग चीजें हैं। हकीकत यह है कि किसी आतंकवादी को प्रत्यर्पण के अलावा किसी और तरीके से वापस आने की इजाजत कभी नहीं दी जाएगी।’
