एशिया कप राइजिंग स्टार्स में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला फिर से संभव, बन रहे हैं ये समीकरण
एसीसी की ओर से आयोजित किया जाने वाला एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट अब अपने आखिरी पड़ाव की ओर बढ़ चला है। सेमीफाइनल की चार टीमें तय हो गई हैं। बाकी टीमें बाहर हो चुकी हैं। इस बीच सेमीफाइनल में किस टीम का मुकाबला किससे होगा, ये भी पक्का हो गया है। इसके साथ ही अब भारत और पाकिस्तान के बीच एक और महामुकाबले की उम्मीद जागी है। इस वक्त क्या समीकरण बन रहे हैं और भारतीय टीम अपना सेमीफाइनल कब और किसके खिलाफ खेलेगी, ये भी जान लीजिए।
भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश की ए टीमें सेमीफाइनल में पहुंची
भारत और पाकिस्तान के अलावा श्रीलंका और बांग्लादेश की ए टीमों ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में अपनी सीट पक्की कर ली है। भारत ने जहां अपने आखिरी लीग मैच में यूएई को बुरी तरह से धोकर रख दिया, वहीं पाकिस्तान ने भी नेपाल को हरा दिया। अब अगर सेमीफाइनल की की लाइनअप की बात करें तो भारत का मुकाबला श्रीलंका से होगा, वहीं पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें भिड़ती हुई नजर आएंगी।
भारत बनाम श्रीलंका के अलावा पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश के बीच होगा सेमीफाइनल
सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला श्रीलंका की टीम से होगा। ये मैच 26 नवंबर यानी गुरुवार को खेला जाएगा। जो दोहा में होगा। वहीं दूसरी ओर दूसरा सेमीफाइनल 27 नवंबर यानी शुक्रवार को खेला जाएगा। ये मैच भी दोहा में ही है। इस मैचों को जीतने वाली टीमें फाइनल में चली जाएगी, वहीं हारने वाली टीमों का सफर यहीं पर समाप्त हो जाएगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच हो सकता है एशिया कप राइजिंग स्टार्स का फाइनल
अब अगर भारत और पाकिस्तान के बीच के महामुकाबले की बात की जाए तो इसकी संभावना फिर से बन रही है। अगर भारत ने श्रीलंका और पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हरा दिया तो दोनों टीमें फाइनल में चली जाएंगी। इसके बाद दोनों के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। जो 29 नवंबर यानी रविवार को दोहा के इसी स्टेडियम पर खेला जाएगा। अब देखना है कि रविवार को सुपर संडे होता है या फिर कोई और टीमें आमने सामने आती हैं। अगर ऐसा हुआ तो भारत के पास एक बार फिर से खिताब जीतने का मौका तो जरूर रहेगा।
